शादी नहीं, इस वजह से दीपिका कक्कड़ बनीं फैजा इब्राहिम! को-स्टार ने खोला बड़ा राज

दीपिका कक्कड़ के इस्लाम कबूल करने को लेकर सालों से चली आ रही चर्चाओं पर उनकी करीबी दोस्त और को-स्टार जयति भाटिया ने बड़ा खुलासा किया है. उनके मुताबिक, दीपिका ने शोएब इब्राहिम से शादी के लिए नहीं, बल्कि अपनी आत्मिक शांति के लिए इस्लाम अपनाया था.

Instagram
Babli Rautela

टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ लंबे समय से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रही हैं. खासतौर पर शोएब इब्राहिम से शादी के बाद उनके इस्लाम कबूल करने और फैजा इब्राहिम नाम अपनाने को लेकर कई तरह की बातें सामने आती रही हैं. अब इस पूरे विवाद पर उनकी करीबी दोस्त और 'ससुराल सिमर का' की को-स्टार जयति भाटिया ने बड़ा खुलासा किया है.

एक इंटरव्यू में जयति भाटिया ने बताया कि 'ससुराल सिमर का' की शूटिंग के दौरान ही दीपिका और शोएब एक-दूसरे के करीब आए थे. उनके मुताबिक, दीपिका हर रिश्ते को पूरी ईमानदारी से निभाती हैं. जयति ने कहा कि शादी के कुछ समय बाद उन्होंने खुद दीपिका से पूछा था कि क्या उन्होंने शोएब इब्राहिम से शादी करने के लिए इस्लाम अपनाया है? इस पर दीपिका ने साफ शब्दों में कहा कि उनका फैसला शादी की वजह से नहीं था.

अजमेर शरीफ जाने के बाद लिया फैसला

जयति भाटिया के अनुसार, उस समय दीपिका अपनी जिंदगी के कठिन दौर से गुजर रही थीं. इसी दौरान वह अजमेर शरीफ दरगाह गईं, जहां उन्हें आत्मिक शांति का अनुभव हुआ. जयति ने बताया कि दीपिका ने उनसे कहा था कि उन्हें अंदर से महसूस हुआ कि यही सही रास्ता है और इसी वजह से उन्होंने अपनी इच्छा से इस्लाम कबूल किया. उनके मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति को किसी धर्म में मानसिक सुकून मिलता है, तो यह उसका पूरी तरह निजी फैसला होता है.


'धर्म बदलने का मतलब खुद को बदलना नहीं'

सोशल मीडिया पर अक्सर दीपिका कक्कड़ को इस बात को लेकर ट्रोल किया जाता है कि उन्होंने पति के लिए अपनी पहचान बदल दी. हालांकि जयति भाटिया इस सोच से सहमत नहीं हैं. उन्होंने कहा कि जब दीपिका और शोएब का रिश्ता शुरू हुआ था, तब करियर के लिहाज से दीपिका ज्यादा सफल थीं. मुश्किल समय में शोएब उनके साथ मजबूती से खड़े रहे और आज जब शोएब को परिवार की जरूरत है, तो दीपिका पूरी जिम्मेदारी के साथ उनके परिवार का साथ निभा रही हैं. उनके अनुसार, यही रिश्ते में बराबरी की असली पहचान है.

बीमारी के दौर में शोएब बने सबसे बड़ा सहारा

जयति ने दीपिका और शोएब के रिश्ते की तारीफ करते हुए कहा कि आज जब दीपिका अपनी सेहत से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही हैं, तब शोएब हर कदम पर उनके साथ हैं. बता दें कि 2025 में दीपिका कक्कड़ को कैंसर होने की जानकारी मिली थी. तब से वह लगातार इलाज करा रही हैं और अपने व्लॉग्स के जरिए फैंस को अपनी हेल्थ अपडेट भी देती रहती हैं.

जयति भाटिया ने यह भी कहा कि दीपिका हमेशा अपने परिवार को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती हैं. उनके मुताबिक, सिर पर दुपट्टा रखना, परिवार की जिम्मेदारियां निभाना या अपनी जीवनशैली चुनना पूरी तरह दीपिका की व्यक्तिगत पसंद है, इसे किसी दबाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए.