'मैं उनके साथ काम करने को तड़प रहा...', क्या शाहरुख खान ने रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' की तारीफ की? जानें
'धुरंधर: द रिवेंज' का खूब डंका बज रहा है. रणवीर सिंह की इस स्पाई एक्शन थ्रिलर ने रिलीज के पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. अब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है जिसमें कहा जा रहा है कि शाहरुख खान ने भी इस फिल्म की तारीफ की है.
मुंबई: बॉलीवुड में इन दिनों आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' का खूब डंका बज रहा है. रणवीर सिंह की इस स्पाई एक्शन थ्रिलर ने रिलीज के पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. फिल्म ने चार दिनों में घरेलू बाजार में 450 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 700 करोड़ के पार पहुंच चुका है.
कई रिपोर्ट्स के मुताबिक यह अब तक की सबसे तेज कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में से एक बन गई है, जिसने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. फिल्म की सफलता के साथ-साथ बॉलीवुड और साउथ के कई सितारे इसे सराह रहे हैं. एस.एस. राजामौली से लेकर राम गोपाल वर्मा तक ने इसकी जमकर तारीफ की है. लेकिन अब सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है.
जिसमें शाहरुख खान के इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट दिखाया जा रहा है. इसमें कथित तौर पर शाहरुख ने फिल्म की खूब प्रशंसा की है और लिखा है:- 'मैं कुछ देर पहले ही धुरंधर 2 देखी है. ईमानदारी से कहूं तो ये फिल्म आपके साथ रह जाती है. ये फिल्म शक्ति और गर्व से भरी हुई है. इसका हर एक मूमेंट सीधा दिल को छूता है और यही सिनेमा है. फिल्म में सभी ने कमाल का काम किया है और इसे बड़े स्केल पर शूट किया गया है. आदित्य धर कमाल के स्टोरीटेलर हैं और रणवीर सिंह तो खुद इमोशन हैं. मैं धुरंधर 2 की पूरी टीम की तारीफ करना चाहता हूं, सभी को मेरी तरफ से बेशुमार प्यार. मुझे उम्मीद है कि आदित्य धर जल्द ही मुझे भी एक फिल्म ऑफर करेंगे क्योंकि मैं उनके साथ काम करने को तड़प रहा हूं.'
फेक है वायरल हो रहा पोस्टर
यह पोस्ट देखकर कई फैंस उत्साहित हो गए, लेकिन सचाई कुछ और है. यह पूरी तरह फेक है. शाहरुख खान ने अपनी आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरी या किसी भी प्लेटफॉर्म पर 'धुरंधर 2' के बारे में कोई पोस्ट नहीं किया है. शाहरुख खान के फैंस इस तरह की फेक न्यूज से सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं. फिल्म की सफलता असली है, लेकिन शाहरुख की तारीफ वाली स्टोरी पूरी तरह से बनावटी है.
'धुरंधर: द रिवेंज' अपनी जबरदस्त एक्शन, स्केल और स्टोरीलाइन के दम पर आगे बढ़ रही है. निर्देशक आदित्य धर ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बड़े बजट की एंटरटेनर फिल्में बनाने में उनका हाथ साफ है. रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और यामी गौतम जैसे कलाकारों की परफॉर्मेंस भी खूब चर्चा में है.