बॉक्स ऑफिस पर लौटेगा 'धुरंधर' का जलवा, मेकर्स ने किया री-रिलीज का ऐलान

बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर 'धुरंधर' का जलवा देखने को मिलने वाला है. मेकर्स ने री-रीलज का ऐलान किया.

X
Ashutosh Rai

अगर आप बॉलीवुड के एक्शन और थ्रिलर के दीवाने हैं, तो आपके लिए एक बहुत बड़ी और शानदार खबर है. बॉक्स ऑफिस पर धाकड़ कमाई करने वाली और घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ₹1000 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म धुरंधर एक बार फिर से बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार है. साउथ के सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म के साथ धुरंधर 2 के होने वाले महा-क्लैश से ठीक पहले, मेकर्स ने फैंस की एक्साइटमेंट को दोगुना कर दिया है. तो कुर्सी की पेटी बांध लीजिए, क्योंकि सिनेमाघरों में एक बार फिर से धुरंधर का जलवा और स्वैग लौटने वाला है.

दुनिया भर में 500 स्क्रीन्स पर होगी ग्रैंड वापसी

गुरुवार को फिल्म के मेकर्स, जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज ने इस बात का आधिकारिक ऐलान कर दिया है कि रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर 13 मार्च को दुनिया भर के सिनेमाघरों में फिर से रिलीज होगी. 

आदित्य धर की इस फिल्म के सीक्वल से पहले, पुरानी धुरंधर को ग्लोबल लेवल पर लगभग 500 स्क्रीन्स पर दोबारा उतारा जा रहा है. भारत में फैंस 12 मार्च से 250 स्क्रीन्स पर इसका लुत्फ उठा सकेंगे, जबकि विदेशों में 13 मार्च से 250 स्क्रीन्स पर इसे दिखाया जाएगा. सिर्फ नॉर्थ अमेरिका में ही यह ब्लॉकबस्टर फिल्म करीब 185 स्क्रीन्स पर वापसी कर रही है.

धुरंधर द रिवेंज के स्पेशल प्रीमियर का भी इंतजाम

सीरीज का अगला पार्ट धुरंधर द रिवेंज 19 मार्च को दुनियाभर में रिलीज होने वाला है, लेकिन फैंस के क्रेज को देखते हुए मेकर्स ग्लोबल रिलीज़ से एक दिन पहले यानी 18 मार्च को यूएसए और कनाडा में स्पेशल बुधवार प्रीमियर शो होस्ट करने जा रहे हैं. ये खास शोज प्रीमियम लार्ज फॉर्मेट स्क्रीन्स पर होंगे, जहां फैंस को बड़ी वॉल-टू-वॉल स्क्रीन्स, बेहतर प्रोजेक्शन और डॉल्बी एटमॉस जैसे इमर्सिव साउंड सिस्टम्स के साथ रोंगटे खड़े कर देने वाला सिनेमैटिक अनुभव मिलेगा.

क्यों खास है धुरंधर का ये एक्शन अवतार?

बीते 5 दिसंबर को रिलीज़ हुई आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर' एक स्पाई एक्शन थ्रिलर है, जो दो पार्ट वाली फिल्म सीरीज़ की पहली कड़ी है. इसकी कहानी एक ऐसे जांबाज भारतीय जासूस पर आधारित है, जो पाकिस्तान के कराची में क्रिमिनल और पॉलिटिकल अंडरवर्ल्ड में खुफिया तरीके से घुसपैठ करता है.

इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी यह है कि इसमें जियोपॉलिटिकल टेंशन से जुड़ी असल जिंदगी की घटनाओं जैसे 1999 के IC-814 हाईजैकिंग, 2001 के भारतीय संसद हमले, 2008 के मुंबई हमले और ऑपरेशन ल्यारी को बड़ी ही खूबसूरती से पिरोया गया है. इस फिल्म ने दुनिया भर में ₹1300 करोड़ से ज़्यादा की छप्पर फाड़ कमाई करके बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया था.