IPL 2026

‘Dhurandhar’ के प्रोडक्शन डिजाइनर पर गिरी गाज, यौन उत्पीड़न मामले में दोषी साबित होने पर YRF ने हटाया क्रेडिट

धुरंधर के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस जोहरे को POSH कमेटी ने यौन उत्पीड़न और सबूतों से छेड़छाड़ के आरोपों में दोषी पाया है. मामले के सामने आने के बाद YRF ने भी अपने आगामी प्रोजेक्ट अक्का से उनका नाम हटाने का फैसला लिया है.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों धुरंधर से जुड़ा विवाद लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस जोहरे के खिलाफ पहले दर्ज हुई शिकायत और FIR के बाद अब मामले में एक नया और अहम मोड़ सामने आया है. रिपोर्ट्स के अनुसार POSH कमेटी ने अपनी जांच पूरी कर ली है और जोहरे को आरोपों के कुछ मामलों में दोषी पाया है. इस घटना को देखते हुए वर्कप्लेस पर सुरक्षा और महिलाओं के अधिकारों को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है. साथ ही कई प्रोडक्शन हाउस भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर पर कार्रवाई कर रहे हैं.

छह महीने तक चली थी जांच

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शिकायत अक्टूबर 2025 में प्रोडक्शन हाउस तक पहुंची थी. इसके बाद यौन उत्पीड़न रोकथाम से जुड़ी POSH कमेटी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई. बताया जा रहा है कि जांच प्रक्रिया करीब 6 महीने तक चली. इस दौरान सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा की गई. रिपोर्ट के मुताबिक कमेटी ने मार्च के आखिर या अप्रैल की शुरुआत तक अपनी जांच पूरी कर ली थी. सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि जांच में जोहरे को दो मामलों में दोषी पाया गया. इनमें यौन छेड़छाड़ और सबूतों के साथ छेड़छाड़ से जुड़े आरोप शामिल बताए गए हैं.

क्या है पूरा मामला?

रिपोर्ट्स के अनुसार शिकायत दर्ज कराने वाली महिला ने आरोप लगाया था कि उसे चंडीगढ़ के एक होटल में बुलाया गया था. शिकायत में यौन उत्पीड़न, शारीरिक हमला और गलत तरीके से रोककर रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए. महिला ने यह भी दावा किया कि उसके पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाया गया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. बताया जाता है कि शिकायतकर्ता नई दिल्ली की रहने वाली है और उसने अप्रैल में चंडीगढ़ के सेक्टर 17 पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था.

FIR दर्ज होने के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने सैनी एस जोहरे को गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि बाद में जिला अदालत से उन्हें जमानत मिल गई. फिलहाल मामला कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रहा है और अदालत में इसकी सुनवाई जारी है. यह ध्यान रखना जरूरी है कि आपराधिक मामले में अंतिम निर्णय अदालत द्वारा ही दिया जाएगा.