मुंबई: बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के साथ ही रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, लेकिन अब एक छोटे रोल वाले एक्टर की वजह से भी फिल्म सुर्खियों में है. फिल्म में सिर्फ दो सीन करने वाले मशहूर अमरोही का लुक देखकर लोग हैरान हैं. उनका किरदार नवाब शफीक है, जिसे देखते ही हर कोई पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ की याद कर रहा है.
सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है. कई लोग तो मजाक में पूछ रहे हैं कि आदित्य धर ने नवाज शरीफ को फिल्म में काम करने के लिए कैसे मनाया! मशहूर अमरोही असल जिंदगी में बिल्कुल नवाज़ शरीफ जैसे नहीं दिखते. फिल्म में उनका ये जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन मेकअप और बॉडी सूट की वजह से हुआ है.
हाल ही में एक इंटरव्यू में मशहूर ने बताया, 'सबसे बड़ी तारीफ यही है कि लोग मान ही नहीं रहे कि ये मैं हूं. कुछ तो कह रहे हैं कि ये एआई है. मुझे इस तरह की प्रतिक्रिया की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी. इंटरनेट पर मीम्स और तस्वीरें छाई हुई हैं.' पहले मेकअप टेस्ट में डायरेक्टर आदित्य धर को जो चाहिए था, वो नहीं मिला. फिर मेकअप आर्टिस्ट प्रीतिशील सिंह ने कमाल कर दिया. मशहूर रोजाना 8 घंटे से ज्यादा मेकअप में बैठे. बॉडी वेट दिखाने के लिए खास बॉडीसूट पहनना पड़ा जिसमें पेट भी जोड़ा गया. उम्र का असर दिखाने के लिए फेस मेकअप भी खूब किया गया.
मशहूर अमरोही बॉलीवुड की पुरानी और नामी खानदान से हैं. वे दिग्गज फिल्मकार कमाल अमरोही के पोते हैं. कमाल अमरोही ने 'मुगल-ए-आजम' और 'पाकीजा' जैसी क्लासिक फिल्में बनाई थीं. ऐसे में मशहूर को विरासत का भी फायदा मिल रहा है. फिल्म में उनका रोल छोटा है, लेकिन स्क्रीन पर उनका लुक इतना रियल लगा कि लोग हैरान हैं. मशहूर खुद भी इस रिएक्शन से खुश हैं.
उन्होंने कहा कि डायरेक्टर और कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने उन पर भरोसा जताया था और उन्होंने पूरा जोर लगाकर किरदार निभाया. धुरंधर 2 में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर. माधवन जैसे बड़े कलाकार हैं, लेकिन मशहूर अमरोही का ये छोटा सा रोल भी अब फिल्म का टॉक ऑफ द टाउन बन गया है. फैंस सोशल मीडिया पर उनके ट्रांसफॉर्मेशन की तारीफ कर रहे हैं और मीम्स बना-बनाकर शेयर कर रहे हैं. अभी फिल्म थिएटर्स में लगातार चल रही है और मशहूर अमरोही की इस चर्चा ने फिल्म की लोकप्रियता में चार चांद लगा दिए हैं.