नहीं रुक रहा धुरंधर 2 का तूफान! रणवीर सिंह की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया बवाल, क्या तोड़ पाएगी पुष्पा 2 का रिकॉर्ड

रणवीर सिंह की हालिया रिलीज फिल्म धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. फिल्म 1600 करोड़ के पार पहुंच चुकी है और अब भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने के करीब है.

X
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड में इन दिनों अगर किसी फिल्म की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है तो वह है धुरंधर 2. रणवीर सिंह की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है और अब भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने की दौड़ में शामिल हो चुकी है. 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआत से ही जबरदस्त प्रदर्शन किया है. ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने अपने 22वें दिन यानी गुरुवार को करीब 7.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है.

हालांकि तीसरे हफ्ते में कमाई की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर हुई है, लेकिन फिल्म अब भी मजबूत पकड़ बनाए हुए है. यह साफ संकेत है कि दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्साह अभी भी बरकरार है.

कुल कमाई ने छुआ नया आंकड़ा

अगर कुल कलेक्शन की बात करें तो धुरंधर 2 ने अब तक भारत में 1048.42 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 1255.33 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. विदेशी बाजारों में भी फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा है. ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने करीब 410 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसके साथ ही फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1665.23 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

पुष्पा 2 को पीछे छोड़ने की तैयारी

अब यह फिल्म पुष्पा 2 के रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गई है. पुष्पा 2 का भारत में नेट कलेक्शन 1234.10 करोड़ रुपये है. धुरंधर 2 को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए अभी लगभग 185.68 करोड़ रुपये और कमाने होंगे. जिस तरह फिल्म का प्रदर्शन जारी है, उसे देखते हुए यह आंकड़ा जल्द ही पार होने की उम्मीद जताई जा रही है.

फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में ही 674.17 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था. यह किसी भी फिल्म के लिए बेहद मजबूत शुरुआत मानी जाती है. दूसरे हफ्ते में कलेक्शन में गिरावट जरूर आई, लेकिन फिर भी फिल्म ने 263.65 करोड़ रुपये कमाए. तीसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई स्थिर बनी हुई है और हर दिन 7 से 10 करोड़ रुपये के बीच का कलेक्शन देखने को मिल रहा है. मंगलवार को फिल्म ने 10.10 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि बुधवार को 7.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया गया. यह आंकड़े बताते हैं कि फिल्म अब भी बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने में सफल है.