धुरंधर 2 में पाकिस्तान से मंगवाए गए थे कलाकार? रणवीर सिंग की फिल्म के पीछे छिपा बड़ा राज, इस एक्टर ने फोड़ा भांडा

धुरंधर 2 को लेकर उठे सवालों पर एक्टर अभय अरोड़ा ने साफ किया है कि फिल्म में पाकिस्तान से कलाकार नहीं बुलाए गए थे. बल्कि बैंकॉक में रहने वाले लियारी मूल के लोगों को भीड़ के सीन के लिए शामिल किया गया था.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: आदित्य धर की फिल्म धुरंधर 2 अपनी रिलीज के बाद से ही लगातार चर्चा में बनी हुई है. जहां एक तरफ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है, वहीं दूसरी तरफ इसकी कास्टिंग और शूटिंग को लेकर भी कई तरह की बातें सामने आ रही हैं. हाल ही में यह चर्चा तेज हो गई कि क्या फिल्म में पाकिस्तान के कलाकारों को शामिल किया गया था. अब इस पर एक्टर अभय अरोड़ा ने खुलकर जवाब दिया है और सच्चाई सामने रखी है.

अभय अरोड़ा, जिन्होंने फिल्म में यासिर का किरदार निभाया है, ने बताया कि फिल्म में पाकिस्तान से किसी प्रोफेशनल कलाकार को नहीं बुलाया गया था. उन्होंने साफ किया कि बैंकॉक में शूट किए गए कुछ भीड़ वाले सीन में ऐसे लोग जरूर शामिल थे जो मूल रूप से पाकिस्तान के लियारी इलाके से आते हैं. लेकिन ये लोग वहीं बैंकॉक में रहते हैं और उन्हें स्थानीय कास्टिंग के जरिए चुना गया था. यानि यह पूरी तरह से एक लोकल कास्टिंग प्रक्रिया का हिस्सा था.

लियारी जैसा लग रहा था फिल्म का सेट

अभय ने बताया कि जब ये लोग सेट पर पहुंचे तो वे हैरान रह गए. उनका कहना था कि फिल्म का सेट बिल्कुल लियारी जैसा लग रहा था. हालांकि फिल्म की टीम में से कोई भी व्यक्ति कभी लियारी नहीं गया था, फिर भी सेट का डिजाइन इतना सटीक था कि वहां के लोग भी उसे पहचान गए.

हर सीन में दिखी असली झलक

अभय अरोड़ा ने यह भी बताया कि बैंकॉक में शूट हुए लगभग सभी भीड़ वाले सीन में ऐसे लोगों के चेहरे नजर आते हैं. इनकी मौजूदगी ने फिल्म को और ज्यादा रियल बनाया. यही वजह है कि दर्शकों को फिल्म के कई सीन बेहद असली और प्रभावशाली लगे. धुरंधर 2 सिर्फ विवादों में ही नहीं बल्कि कमाई के मामले में भी नई ऊंचाइयों को छू रही है.

फिल्म ने भारत में अब तक 582 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. वहीं दुनिया भर में इसका कुल कलेक्शन 937 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. विदेशों में भी फिल्म ने 250 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की है. इतना ही नहीं, फिल्म ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है. यह पहली हिंदी फिल्म बन गई है जिसने किसी नॉन हॉलिडे सोमवार को 60 करोड़ रुपये का कलेक्शन पार किया है. इसने टाइगर 3 जैसे बड़े रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है.