धुरंधर 2 के आगे नहीं टिक पाई 'डकैत', दूसरे दिन ही ठंडे बस्ते में गई अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म
अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म डकैत ने दूसरे दिन मामूली बढ़त दिखाई लेकिन कुल कमाई अभी भी उम्मीद से कम है. धुरंधर 2 से मिल रही टक्कर फिल्म के लिए बड़ी चुनौती बन रही है.
मुंबई: अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म डकैत ने रिलीज के दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर हल्की बढ़त दर्ज की है. पहले दिन की तुलना में कमाई में इजाफा जरूर हुआ लेकिन यह बढ़त उतनी मजबूत नहीं रही जितनी एक बड़े बजट की फिल्म से उम्मीद की जाती है. फिल्म ने दूसरे दिन करीब 7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया जिससे कुल कमाई 13.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.
फिल्म ने पहले दिन लगभग 6.55 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी जो कि इसके बजट के हिसाब से कमजोर मानी जा रही है. 80 से 100 करोड़ के बीच बने इस प्रोजेक्ट के लिए शुरुआती कमाई का धीमा रहना चिंता का विषय बन गया है. ऐसे में दूसरे दिन की बढ़त भी फिल्म को मजबूत स्थिति में नहीं ला पाई है.
डकैत का दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर धीमी रफ्तार के बावजूद फिल्म ने विदेशी बाजार में ठीक ठाक प्रदर्शन किया है. दूसरे दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करीब 2.5 करोड़ रुपये की कमाई हुई है. इसके साथ ही विदेशों में कुल कलेक्शन लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. दुनिया भर में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन करीब 25 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुका है.
धुरंधर 2 से मिल रही कड़ी टक्कर
फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनी है धुरंधर 2 जो पहले से ही सिनेमाघरों में मजबूत पकड़ बनाए हुए है. रणवीर सिंह की इस फिल्म ने अपने चौथे हफ्ते में भी शानदार कमाई जारी रखी है. 24वें दिन इस फिल्म ने 13.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया जो डकैत के दूसरे दिन की कमाई से काफी ज्यादा है. हिंदी बेल्ट में डकैत को खास रिस्पॉन्स नहीं मिल पा रहा है. दर्शकों का रुझान अभी भी धुरंधर 2 की ओर ज्यादा नजर आ रहा है. यही वजह है कि डकैत को स्क्रीन मिलने के बावजूद दर्शकों की संख्या सीमित बनी हुई है.
फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली जुली प्रतिक्रिया मिली है. कुछ लोगों ने फिल्म के एक्शन और कहानी की सराहना की है जबकि कई दर्शकों को इसकी कहानी जटिल लगी है. यही वजह है कि फिल्म को लेकर सकारात्मक माहौल पूरी तरह बन नहीं पाया.