menu-icon
India Daily

'थर्ड रेट एक्टर फ्रॉम थर्ड वर्ल्ड कंट्री', अमिताभ बच्चन को लेकर किसने कही थी ऐसी बात? बिग बी ने शेयर किया किस्सा

अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर लिखा कि भारत नंबर 1 है, हम विश्व चैंपियन हैं. उन्होंने कहा- 'ठोक दिया दुश्मनों को!' अपनी पुरानी याद साझा करते हुए अमिताभ ने बताया कि कई साल पहले उन्हें एक देश (नाम नहीं बताया) के फिल्म फेस्टिवल के लिए बुलाया गया था.

antima
Edited By: Antima Pal
'थर्ड रेट एक्टर फ्रॉम थर्ड वर्ल्ड कंट्री', अमिताभ बच्चन को लेकर किसने कही थी ऐसी बात? बिग बी ने शेयर किया किस्सा
Courtesy: x

मुंबई: अमिताभ बच्चन ने हाल ही में एक पुरानी घटना याद की, जो उनके दिल को आज भी छू जाती है. उन्होंने बताया कि कैसे एक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उन्हें भीड़ ने घेर लिया था और किसी ने उन्हें 'थर्ड रेट एक्टर फ्रॉम थर्ड वर्ल्ड कंट्री' कहा था. यह बात उन्हें बहुत दुखी करती थी, खासकर भारत को 'थर्ड वर्ल्ड' कहना. 

अमिताभ बच्चन को लेकर किसने कही थी ऐसी बात?

यह सब बात तब सामने आई जब अमिताभ बच्चन ने भारत की U19 क्रिकेट विश्व कप जीत पर खुशी जताई. भारत ने 2026 के U19 वर्ल्ड कप फाइनल में हरारे (जिम्बाब्वे) में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीता. युवा टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की धमाकेदार पारी खेली. 

अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर लिखा कि भारत नंबर 1 है, हम विश्व चैंपियन हैं. उन्होंने कहा- 'ठोक दिया दुश्मनों को!' अपनी पुरानी याद साझा करते हुए अमिताभ ने बताया कि कई साल पहले उन्हें एक देश (नाम नहीं बताया) के फिल्म फेस्टिवल के लिए बुलाया गया था. प्लेन में उन्होंने एक अखबार देखा, जिसमें उनकी फिल्म का पोस्टर था. भाषा न समझ आने पर उन्होंने एयर होस्टेस से पूछा. उन्होंने बताया कि अखबार में लिखा है कि भारतीय फिल्म का एक्टर आ रहा है. 

अमिताभ को आश्चर्य हुआ कि विदेश में भी भारतीय सिनेमा की इतनी लोकप्रियता है. लेकिन उतरते ही सच्चाई पता चली. एयरपोर्ट पर लोग उनकी एक झलक पाने के लिए जमा होने लगे. प्लेन से इमिग्रेशन डेस्क तक जाना मुश्किल हो गया. भीड़ इतनी बढ़ गई कि चलना भी दूभर हो गया. स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि पुलिस को बुलाना पड़ा. पुलिस ने उन्हें भीड़ से निकाला, एयरपोर्ट से बाहर ले जाकर कार में बैठाया और होटल तक एस्कॉर्ट किया.

अमिताभ ने लिखा कि उस वक्त कुछ लोगों ने कहा, 'क्यों इतना ध्यान दिया जा रहा है इस थर्ड रेट एक्टर को, जो थर्ड वर्ल्ड कंट्री से है!' उन्होंने माना कि "थर्ड रेट एक्टर" वाली बात तो स्वीकार कर ली, लेकिन भारत को "थर्ड वर्ल्ड" कहना बहुत दर्द देता था. आज U19 टीम की जीत से उन्हें गर्व है कि भारत अब पहले दर्जे का देश है. यह घटना अमिताभ के लिए यादगार है, क्योंकि इससे भारतीय सिनेमा और देश की ताकत का अहसास हुआ. अमिताभ बच्चन हमेशा से देश की उपलब्धियों पर गर्व करते हैं.