मुंबई: अक्षय कुमार की अपकमिंग हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' की रिलीज डेट में फिर से बदलाव हुआ है. अब यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. पहले यह 2 अप्रैल को आने वाली थी, फिर इसे पोस्टपोन कर 15 मई तय किया गया था, लेकिन मेकर्स ने इसे एक महीने पहले लाने का फैसला लिया है.
अक्षय कुमार ने खुद इंस्टाग्राम पर एक मजेदार वीडियो शेयर कर इसकी घोषणा की. वीडियो में एक काली बिल्ली दिखाई देती है, जिसकी डरावनी आंखें हैं. बिल्ली कैलेंडर पर 15 मई की तारीख को पंजे से नोच देती है. फिर अप्रैल के महीने में गिरे दूध को चाटती है, जहां 10 तारीख उभरकर सामने आती है.
वीडियो के अंत में घोषणा होती है कि 'भूत बंगला' अब 25 मई नहीं, बल्कि 10 अप्रैल को रिलीज होगी. अक्षय ने कैप्शन में लिखा- 'भूत बंगला का काउंटडाउन फिर से शुरू करते हैं. फिल्म 25 मई को नहीं बल्कि 10 अप्रैल को रिलीज होगी. मिलते हैं थिएटर्स में.' फिल्म के निर्देशक प्रियदर्शन हैं, जो 14 साल बाद अक्षय के साथ काम कर रहे हैं. आखिरी बार दोनों ने 'खट्टा मीठा' में साथ काम किया था.
यह हॉरर-कॉमेडी एक भूतिया हवेली की कहानी पर आधारित है, जहां हंसी और डर का तड़का मिलेगा. स्टारकास्ट में अक्षय कुमार के अलावा तब्बू, वामिका गब्बी, परेश रावल, राजपाल यादव और असरानी जैसे कलाकार हैं. मेकर्स ने रिलीज डेट पहले लाने का फैसला क्यों लिया?
रिपोर्ट्स के मुताबिक मई में कुछ अन्य बड़ी फिल्मों के साथ क्लैश से बचने और गर्मियों की छुट्टियों में ज्यादा दर्शक मिलने की उम्मीद से यह कदम उठाया गया है. पहले अप्रैल से मई शिफ्ट करने का कारण 'धुरंधर 2' जैसी फिल्मों से टकराव टालना था, लेकिन अब फिर अप्रैल में लाकर टीम को लगता है कि यह बेहतर स्लॉट है. फिल्म का प्रोडक्शन बालाजी मोशन पिक्चर्स और अन्य बैनर के तहत हो रहा है. ट्रेलर और प्रमोशन जल्द शुरू होने की उम्मीद है.