menu-icon
India Daily

Border 2 Collection: वेलेंटाइन वीक में भी बॉर्डर 2 का थिएटर में दबदबा, सनी देओल की फिल्म की कमाई 300 करोड़ पार

सनी देओल और वरुण धवन स्टारर वॉर फिल्म बॉर्डर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है. फिल्म ने रिलीज के 16वें दिन 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया. तीसरे वीकेंड में भी फिल्म की कमाई स्थिर बनी हुई है.

babli
Edited By: Babli Rautela
Border 2 Collection: वेलेंटाइन वीक में भी बॉर्डर 2 का थिएटर में दबदबा, सनी देओल की फिल्म की कमाई 300 करोड़ पार
Courtesy: X

मुंबई: सनी देओल स्टारर वॉर ड्रामा बॉर्डर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 300 करोड़ रुपये के क्लब में एंट्री कर ली है. भले ही दूसरे और तीसरे हफ्ते में फिल्म की रफ्तार पहले हफ्ते जैसी तेज न रही हो, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने अपनी पकड़ बनाए रखी है. फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन किया है और अब यह 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में शामिल हो चुकी है.

शनिवार यानी रिलीज के 16वें दिन बॉर्डर 2 की कमाई में साफ उछाल देखने को मिला. इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने शनिवार को करीब 4.25 करोड़ रुपये का इंडिया नेट कलेक्शन किया. तीसरे हफ्ते की शुरुआत फिल्म के लिए थोड़ी धीमी रही थी. शुक्रवार को फिल्म ने लगभग 2.85 करोड़ रुपये की कमाई की थी. लेकिन शनिवार को दर्शकों की संख्या बढ़ने के साथ कलेक्शन लगभग दोगुना हो गया.

300 करोड़ के पार पहुंचा बॉर्डर 2 का नेट कलेक्शन

दिन 16 की कमाई के साथ ही बॉर्डर 2 का कुल इंडिया नेट कलेक्शन लगभग 301.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. यह फिल्म के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का ऑल इंडिया ग्रॉस कलेक्शन अब 360 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है. यह आंकड़ा इस बात का सबूत है कि दर्शकों के बीच फिल्म की लोकप्रियता अभी भी बनी हुई है. अगर हफ्तों के हिसाब से बॉर्डर 2 के कलेक्शन को देखें तो इसकी शुरुआत बेहद धमाकेदार रही.

  • पहले हफ्ते में फिल्म ने 224.25 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया.
  • दूसरे हफ्ते में फिल्म ने 70.15 करोड़ रुपये जोड़े.
  • तीसरे हफ्ते में अब तक फिल्म की कमाई स्थिर बनी हुई है और वीकेंड पर इसमें फिर से उछाल देखने को मिला है.

वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन

हालांकि बॉर्डर 2 की कमाई का बड़ा हिस्सा घरेलू बाजार से आया है, लेकिन विदेशों में भी फिल्म ने अच्छा बिजनेस किया है. अनुमान के मुताबिक फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से करीब 52 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसके साथ ही बॉर्डर 2 का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन लगभग 412 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी बॉर्डर 2 अब भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की सूची में तेजी से ऊपर चढ़ रही है. 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने के बाद फिल्म ने धूम 3 और सुल्तान जैसी बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. अब फिल्म की नजर पद्मावत, वॉर और बजरंगी भाईजान के लाइफटाइम कलेक्शन पर टिकी हुई है.