Asian Games 2026

'जब वो औरत उनकी जिंदगी में आई तो मैं...',13 साल बाद पापा हुए अलग; मनोज तिवारी की दूसरी शादी पर बेटी रीति ने क्या कहा?

बिग बॉस 20 में नजर आ रहीं रीति तिवारी ने अपने माता-पिता के रिश्ते और पिता मनोज तिवारी से दूरी को लेकर भावुक बातें साझा कीं. उन्होंने बताया कि जब वह छोटी थीं, तब उनके माता-पिता अलग हो गए थे और उनकी कस्टडी मां को मिली थी.

instagram.com/rhititiwari/
Reepu Kumari

Bigg Boss 20: बिग बॉस 20 में इन दिनों रीति तिवारी अपने बेबाक अंदाज के साथ-साथ निजी जिंदगी की बातों को लेकर भी चर्चा में हैं. भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार और नेता मनोज तिवारी की बेटी रीति ने शो में अपने माता-पिता के अलग होने का दर्द साझा किया. भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे से बातचीत के दौरान रीति भावुक हो गईं और उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता के अलग होने का असर उनके बचपन पर काफी गहरा पड़ा.

रीति ने बताया कि जब वह महज 8 साल की थीं, तब उनके माता-पिता अलग हो गए थे. उनके पिता घर छोड़कर चले गए थे. इसके बाद जब रीति 9 साल की हुईं, तब उनके माता-पिता का आधिकारिक तौर पर तलाक हो गया. आम्रपाली ने उनसे पूछा कि क्या उनके पिता ने उनकी कस्टडी के लिए लड़ाई लड़ी थी. इस पर रीति ने कहा कि उन्हें लगता है कि पिता को लंबे समय तक उम्मीद थी कि दोनों फिर साथ आ जाएंगे.

पिता से दूर रहने का दर्द

रीति के मुताबिक, उनकी कस्टडी उनकी मां को मिली थी और ऐसे में उन्हें पिता से दूर रहना पड़ा. इस दूरी ने उनके मन पर गहरी छाप छोड़ी. पिता से मिलने के पलों को याद करते हुए रीति ने बताया कि जब भी दोनों एक-दूसरे से मिलते थे, तो कई बार साथ में रो पड़ते थे. अपनी भावनाएं बताते हुए उन्होंने कहा कि उस स्थिति में वे कुछ कर ही नहीं सकते थे.


रीति ने बातचीत के दौरान अपने पिता के साथ बिताए कुछ पुराने पलों को भी याद किया. उन्होंने बताया कि जब वह मनोज तिवारी से मिलती थीं, तो उन्हें अंग्रेजी सिखाती थीं. पिता के साथ बिताए समय और फिर उनसे अलग होने की यादों ने उन्हें भावुक कर दिया. बात करते-करते रीति की आंखों में आंसू आ गए. उनकी हालत देखकर आम्रपाली दुबे ने उन्हें गले लगाया और संभालने की कोशिश की.

सुरभि की एंट्री पर खुश थीं रीति

बातचीत के दौरान रीति ने अपने पिता मनोज तिवारी की दूसरी शादी और उनकी जिंदगी में सुरभि के आने का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब सुरभि उनके पिता की जिंदगी में आईं, तब वह उनके लिए बेहद खुश थीं. रीति ने साफ किया कि उन्हें अपनी मां बहुत प्यारी हैं, लेकिन पिता भी उनके लिए उतने ही महत्वपूर्ण हैं. उनके मुताबिक, पिता की जिंदगी में किसी के आने से उन्हें दुख नहीं, बल्कि खुशी हुई थी.

रीति ने अपने पिता के साथ रिश्ते को लेकर जिस तरह अपनी भावनाएं जाहिर कीं, उससे साफ है कि बचपन में माता-पिता के अलग होने की यादें आज भी उनके लिए बेहद भावुक हैं. हालांकि, उन्होंने पिता की दूसरी शादी को लेकर किसी नाराजगी की बात नहीं कही. इसके उलट उन्होंने बताया कि सुरभि के उनकी जिंदगी में आने पर वह खुद को खुश महसूस कर रही थीं.

1999 में हुई थी मनोज तिवारी की पहली शादी

मनोज तिवारी की निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी पहली शादी रानी तिवारी से साल 1999 में हुई थी. दोनों की एक बेटी है, जिसका नाम रीति तिवारी है. शादी के करीब 12-13 साल बाद दोनों अलग हो गए थे. बाद में मनोज तिवारी ने दूसरी शादी की. उनकी दोनों शादियों से तीन बेटियां हैं. फिलहाल उनकी बेटी रीति तिवारी बिग बॉस 20 का हिस्सा हैं और शो में अपने पिता से जुड़े पुराने अनुभवों को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं.