menu-icon
India Daily

प्लास्टिक सर्जरी के कुछ दिन बाद ब्राजीलियाई इन्फ्लुएंसर बियांका डियास का निधन, 20 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

ब्राजील की 20 साल की इन्फ्लुएंसर बियांका डियास की प्लास्टिक सर्जरी के कुछ दिनों बाद मौत हो गई है. उनकी अचानक मौत ने फैंस और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
प्लास्टिक सर्जरी के कुछ दिन बाद ब्राजीलियाई इन्फ्लुएंसर बियांका डियास का निधन, 20 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
Courtesy: Social Media

मुंबई: ब्राजील की युवा कंटेंट क्रिएटर बियांका डियास सोशल मीडिया की उभरती हुई स्टार थीं. महज 20 साल की उम्र में उन्होंने इंस्टाग्राम पर करीब 60 हजार फॉलोअर्स का मजबूत आधार बना लिया था. वह अपनी मॉडलिंग तस्वीरों, लाइफस्टाइल पोस्ट और रोजमर्रा की झलकियों के लिए जानी जाती थीं. हाल के महीनों में उन्होंने लंदन ट्रिप की तस्वीरें भी साझा की थीं, जिन्हें उनके फॉलोअर्स ने खूब पसंद किया था. उनका आखिरी पोस्ट दिसंबर में आया था, जिसमें वह साओ पाउलो में कार के अंदर से सेल्फी लेते नजर आई थीं. किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी झलक होगी.

19 फरवरी को उनकी मौत की खबर सामने आई. रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने हाल ही में कॉस्मेटिक सर्जरी करवाई थी. हालांकि अधिकारियों ने अभी तक मौत की आधिकारिक वजह साफ नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि सर्जरी के बाद जटिलताएं सामने आई होंगी.

कॉस्मेटिक सर्जरी ने ली इन्फ्लुएंसर की जान

फैंस के बीच सबसे ज्यादा चर्चा लिपोसक्शन और एब्डोमिनोप्लास्टी को लेकर रही. ये दोनों प्रक्रियाएं शरीर से अतिरिक्त चर्बी हटाने और पेट की बनावट सुधारने के लिए की जाती हैं. मेडिकल एक्सपर्ट के मुताबिक बड़ी सर्जरी के बाद खून के थक्के बनने का खतरा रहता है, खासकर पहले 48 घंटों में जोखिम अधिक होता है. यह खतरा लगभग 20 दिनों तक बना रह सकता है.

दोस्तों ने साझा की भावुक यादें

बियांका की मौत के बाद उनके दोस्तों और साथी क्रिएटर्स ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किए. उनके करीबी दोस्त जेफ कार्लोस ने कई तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि रिश्ता कभी खत्म नहीं होता. उन्होंने अपने दर्द और यादों को शब्दों में पिरोया.

वहीं एक दूसरे दोस्त पेट्रीसिया गैंडेन ने भी बियांका को याद करते हुए कहा कि उनके साथ बिताए पल हमेशा खास रहेंगे. उन्होंने परिवार के लिए हिम्मत की दुआ की और बताया कि वह बियांका को गर्व और प्यार के साथ याद करेंगी. इन संदेशों ने साफ कर दिया कि बियांका सिर्फ एक इन्फ्लुएंसर नहीं थीं, बल्कि अपने दोस्तों के लिए बेहद खास इंसान थीं.