Bhoot Bangla Collection Day 9: बॉक्स ऑफिस पर 'भूत बंगला' का खौफ, 100 करोड़ के क्लब में शामिल हुई अक्षय कुमार की फिल्म

अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी भूत बंगला ने दूसरे हफ्ते में जोरदार वापसी की है. 9वें दिन फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिला और कुल कलेक्शन तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं. उनकी नई हॉरर कॉमेडी भूत बंगला ने रिलीज के दूसरे हफ्ते में जबरदस्त उछाल दिखाते हुए यह साबित कर दिया है कि दर्शकों के बीच फिल्म की पकड़ अभी भी मजबूत बनी हुई है. फिल्म ने अपने 9वें दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए करीब 10.75 करोड़ रुपये की कमाई की. यह आंकड़ा 8वें दिन की 5.75 करोड़ की कमाई से लगभग 87 प्रतिशत ज्यादा है. इस तरह दूसरे शनिवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार वापसी की है.

वीकेंड पर दर्शकों की बढ़ती भीड़ ने फिल्म की कमाई को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया. ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म देशभर में हजारों शोज के साथ चल रही है और लगातार अच्छी ऑक्यूपेंसी मिल रही है.

पहले हफ्ते के बाद भी कायम है पकड़

आमतौर पर फिल्मों की कमाई दूसरे हफ्ते में गिर जाती है, लेकिन भूत बंगला के साथ ऐसा नहीं हुआ. पहले हफ्ते की शानदार कमाई के बाद भी फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है. नई रिलीज फिल्मों के बावजूद दर्शकों ने इस फिल्म को प्राथमिकता दी, जो इसके कंटेंट और स्टार पावर दोनों की ताकत को दिखाता है.

फिल्म का कुल कलेक्शन अब तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है. भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 120 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है, जबकि नेट कलेक्शन भी 100 करोड़ से ज्यादा हो गया है. विदेशों में भी फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है. इंटरनेशनल मार्केट में फिल्म ने अब तक 41 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. इस तरह कुल मिलाकर फिल्म वैश्विक स्तर पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है.

प्रियदर्शन और अक्षय की जोड़ी फिर हिट

इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी 14 साल बाद साथ आई है. इससे पहले दोनों ने कई सुपरहिट फिल्में दी थीं, जिन्हें आज भी दर्शक पसंद करते हैं. इस जोड़ी की वापसी ने दर्शकों में उत्साह बढ़ाया और यही फिल्म की सफलता का एक बड़ा कारण भी माना जा रहा है.