Batwara 1947 Teaser 2: सनी देओल और प्रीति जिंटा की फिल्म 'बंटवारा 1947' का दूसरा टीजर शनिवार को रिलीज हो गया है. टीजर को देखकर दर्शक काफी प्रभावित नजर आ रहे हैं. फिल्म के निर्माताओं ने इसे 'मानवता की लड़ाई' बताया है. सोशल मीडिया पर इस टीजर की भरपूर तारीफ हो रही है. लोग इसे ब्लॉकबस्टर और हार्ड हिटिंग बता रहे हैं.
टीजर की शुरुआत काफी भावुक करने वाले दृश्यों से होती है. देश के बंटवारे के समय की हिंसा, आगजनी, मारपीट और आम लोगों पर हो रहे अत्याचार दिखाए गए हैं. इन दृश्यों में प्रीति जिंटा, अली फजल और शबाना आजमी के किरदार बहुत मायूस और दुखी नजर आते हैं. लोगों की तकलीफ को देखकर उनका चेहरा पीड़ा से भरा हुआ है. ठीक उसी समय सनी देओल का दमदार एंट्री होता है और पूरा माहौल बदल जाता है.
सनी देओल अपने किरदार सिकंदर मिर्जा के रूप में स्क्रीन पर आते ही बोलते हैं- 'डर रहा है इंसान, मर रहा है इंसान, और मैं… जीते जी मरना नहीं चाहता. मैं जिंदा हूं और जिंदा होने का सबूत दूंगा.' यह डायलॉग सुनते ही दर्शकों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं. इसके साथ ही सनी देओल के जोरदार एक्शन सीन्स भी दिखाए गए हैं, जो उनकी पुरानी फिल्मों की याद दिलाते हैं.
फिल्म में सनी देओल के अलावा प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म 1947 के भारत-पाकिस्तान बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी है. फिल्म में इंसानियत, दर्द, संघर्ष और बहादुरी की कहानी दिखाई गई है. निर्माताओं का कहना है कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि मानवता की याद दिलाने वाली कहानी है.
बंटवारा 1947 14 अगस्त 2026 को देशभर में रिलीज होने वाली है. स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले रिलीज होने के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों में खास उत्सुकता है.