मुंबई: पॉपुलर रैपर और सिंगर बादशाह अपनी नई हरियाणवी ट्रैक 'टटीरी' के विवाद में घिर गए हैं. 7 अप्रैल 2026 को दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश हुए बादशाह ने गाने के आपत्तिजनक बोलों और विजुअल्स के लिए माफी मांग ली. उन्होंने साफ कहा कि ऐसी गलती भविष्य में कभी नहीं दोहराएंगे और महिलाओं के उत्थान के लिए काम करेंगे. NCW ने गाने को लेकर स्वतः संज्ञान लिया था.
मार्च 2026 में रिलीज हुए 'टटीरी' गाने ने सोशल मीडिया पर भारी आलोचना झेली. कई लोगों ने गाने के बोलों को अश्लील और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया. खासतौर पर स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाए गए विजुअल्स और कुछ लाइनों को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं आईं.
NCW ने इसे भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और महिलाओं के अश्लील प्रतिनिधित्व निषेध अधिनियम के उल्लंघन का मामला माना. मंगलवार को दिल्ली स्थित NCW ऑफिस में बादशाह से एक घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ हुई. आयोग की चेयरपर्सन विजया रहाटकर की अध्यक्षता में हुई इस सुनवाई में रैपर ने अपना पक्ष रखा. पूछताछ के बाद जब बादशाह बाहर निकले तो उनकी कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.
सुनवाई के दौरान बादशाह ने माफी मांगते हुए कहा- 'मैंने जो गलती की है, उसके लिए मुझे अफसोस है. महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मेरा कोई इरादा नहीं था. मैं ऐसी गलती दोबारा कभी नहीं करूंगा.' उन्होंने आगे वादा किया कि आगे से वे महिलाओं के सम्मान और उत्थान से जुड़े कामों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे.
बादशाह ने पहले भी गाना सभी प्लेटफॉर्म्स से हटा लिया था और सोशल मीडिया पर माफी का पोस्ट किया था. लेकिन NCW ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए समन भेजा था. हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी पहले इस मामले में बदशाह को नोटिस दिया था. 'टटीरी' गाना रिलीज होते ही वायरल हो गया था, लेकिन जल्द ही विवाद में बदल गया. कई लोग कह रहे हैं कि मनोरंजन के नाम पर महिलाओं को गलत तरीके से दिखाना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
वहीं कुछ फैंस बादशाह का बचाव कर रहे हैं और कह रहे हैं कि रैप गानों में बोलों का स्टाइल अलग होता है, लेकिन इस बार लाइन क्रॉस हो गई. NCW का यह कदम म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए एक सख्त संदेश है. आयोग ने साफ कहा है कि गानों में महिलाओं की छवि को अश्लील तरीके से पेश करना कानूनी रूप से गलत है और इसके खिलाफ कार्रवाई होगी.