मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' के विवादित गाने 'सरके चुनर तेरी' को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग ने नोरा को एक बार फिर तलब किया है. आयोग ने नोरा फतेही को खुद आयोग के सामने पेश होने का आखिरी मौका दिया है. अगली सुनवाई की तारीख 27 अप्रैल 2026 तय की गई है.
राष्ट्रीय महिला आयोग ने गाने के आपत्तिजनक बोलों का स्वतः संज्ञान लिया था. 6 अप्रैल को हुई सुनवाई में नोरा खुद नहीं पहुंचीं, बल्कि अपने वकील के जरिए प्रतिनिधित्व करवाने की कोशिश की. लेकिन NCW ने वकील के जरिए सफाई मानने से इनकार कर दिया और साफ कहा कि नोरा को खुद मौजूद रहना होगा.
आयोग की चेयरपर्सन विजया रहातकर की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद फैसला लिया गया कि नोरा को 27 अप्रैल को आखिरी मौका दिया जाएगा. अगर वह इस बार भी नहीं पहुंचीं तो उन पर सख्त कार्रवाई हो सकती है. NCW ने फिल्म में काम करने वाले अभिनेता संजय दत्त को भी समन भेजा है. उन्हें 8 अप्रैल को आयोग के सामने पेश होने के निर्देश दिए गए हैं. गाने में संजय दत्त भी नजर आए थे, इसलिए उन्हें भी मामले में शामिल किया गया है.
गाना 'सरके चुनर तेरी' कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' का हिस्सा है, जिसकी रिलीज 30 अप्रैल 2026 को होने वाली है. यह गाना यूट्यूब पर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया. इसके बोलों को सेक्शुअली सजेस्टिव और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर भारी बवाल मचा और कई लोगों ने गाने को अश्लील करार दिया. बाद में गाने को यूट्यूब से हटा भी दिया गया.
नोरा फतेही ने पहले एक वीडियो जारी कर सफाई दी थी. उन्होंने कहा था कि गाना तीन साल पहले कन्नड़ वर्जन में शूट हुआ था. हिंदी वर्जन के बोलों और डबिंग के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी. नोरा ने दावा किया कि हिंदी वर्जन बनाने से पहले उनसे कोई अनुमति नहीं ली गई. फिल्म 'केडी: द डेविल' में मुख्य भूमिका में ध्रुव सर्जा हैं. गाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि NCW ने न सिर्फ नोरा और संजय दत्त बल्कि गीतकार, प्रोड्यूसर और डायरेक्टर को भी पहले समन जारी किए थे.