मुंबई: हरियाणवी गाने 'टटीरी' पर हुए भारी विवाद और बैकलेस के बाद रैपर-सिंगर बादशाह ने अब नया वर्जन लाने का ऐलान कर दिया है. गाने का नया नाम रखा गया है – 'टटीरी फिर से'. शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 को बादशाह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर यह जानकारी दी. उन्होंने लिखा और बताया कि पिछले कुछ हफ्तों में उन्होंने सरकार के अधिकारियों, नेशनल कमीशन फॉर वीमेन (NCW), सोशल वर्कर्स और संस्कृति से जुड़े लोगों की राय सुनी.
बादशाह ने कहा- 'पिछले कुछ हफ्तों में हमने जरूरी बदलाव किए हैं और जो भी हिस्सा अपमानजनक लगा, उसे हटा दिया है.' उन्होंने आगे कहा कि यह नया वर्जन सभी की फीडबैक को ध्यान में रखकर बनाया गया है. नया गाना 14 अप्रैल को रिलीज होगा. दरअसल मार्च 2026 में रिलीज हुए ओरिजिनल गाने 'टटीरी' में कुछ बोलियों और वीडियो के विजुअल्स को लेकर काफी विवाद हुआ था.
गाने में स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को दिखाए जाने और कुछ हाव-भाव को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई. कई लोगों ने इसे महिलाओं और बच्चों के प्रति अश्लील और अपमानजनक बताया. इसके बाद हरियाणा पुलिस में FIR दर्ज हुई, NCW ने बादशाह को समन भेजा और गाने का वीडियो व ऑडियो सभी प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया. बादशाह ने पहले भी माफी मांगी थी और कहा था कि उनका इरादा किसी की भावनाएं ठेस पहुंचाना नहीं था. वे खुद को गर्व से हरियाणवी बताते हैं.
अब नये वर्जन में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है – 'अपनी समाज और संस्कृति के प्रति सम्मान रखते हुए हमने उन हिस्सों को हटा दिया है जो किसी को बुरा लग सकता था.' बादशाह ने NCW के सामने भी माफी मांगी थी और महिलाओं के उत्थान के लिए काम करने का वादा किया था. उन्होंने कहा था कि वे महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए योगदान देंगे. फैंस अब उत्सुकता से 14 अप्रैल का इंतजार कर रहे हैं.
देखना होगा कि 'टटीरी फिर से' में क्या नया है और पुराने विवाद को कितना शांत कर पाता है. बादशाह जैसे पॉपुलर आर्टिस्ट पर जब विवाद होता है तो सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो जाती है.