Weather IMD West Bengal Assembly Election 2026 IPL 2026

कार एक्सीडेंट के बाद किस हाल में हैं अनुराग डोभाल? अस्पताल से सामने आया UK07 राइडर का पहला वीडियो

यूट्यूबर और बिग बॉस 17 के कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल उर्फ UK07 राइडर का अस्पताल से पहला वीडियो सामने आया है. कार हादसे के बाद ICU में भर्ती अनुराग वीडियो में मुस्कुराते नजर आए. वहीं सनी आर्या उर्फ तहलका उनसे अस्पताल में मिलने पहुंचे.

Instagram
Babli Rautela

मुंबई: बिग बॉस 17 के कंटेस्टेंट और फेमस यूट्यूबर अनुराग डोभाल उर्फ UK07 राइडर हाल ही में हुए कार हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती हैं. इस घटना के बाद अब उनका पहला वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है जो तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में अनुराग अस्पताल के बेड पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं. उनके पास मौजूद लोग उनसे मुस्कुराने के लिए कहते हैं और इसके बाद वह हल्की मुस्कान देते नजर आते हैं. 

वीडियो में यह भी सुनाई देता है कि कोई व्यक्ति कह रहा है कि यह उनका दूसरा जन्म जैसा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद उनके फैंस ने राहत की सांस ली है और सोशल मीडिया पर उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं.

अस्पताल में मिलने पहुंचे सनी आर्या

सोशल मीडिया पर वायरल एक अन्य वीडियो में बिग बॉस 17 के कंटेस्टेंट सनी आर्या उर्फ तहलका भी अनुराग डोभाल से अस्पताल में मिलने पहुंचे नजर आए. यह वीडियो भी इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है. इसमें सनी आर्या अस्पताल पहुंचकर अनुराग का हालचाल लेते दिखाई दे रहे हैं. सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थारा भाई जोगिंदर ने भी इस मुलाकात से जुड़े कुछ वीडियो शेयर किए और फैंस से अनुराग के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की.

इंस्टाग्राम लाइव के दौरान हुआ था हादसा

बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ जब अनुराग डोभाल इंस्टाग्राम पर लाइव थे. लाइव के दौरान वह काफी भावुक नजर आए और अपनी कार तेज गति से चलाते दिखाई दिए. रिपोर्ट्स के अनुसार वह गाजियाबाद के मसूरी इलाके में दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार चला रहे थे. बताया गया कि कार की स्पीड 150 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी. लाइव वीडियो अचानक खत्म हो गया जिसके बाद लोगों में चिंता बढ़ गई. बाद में उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.

हादसे से कुछ समय पहले अनुराग डोभाल ने सोशल मीडिया पर अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ बातें भी साझा की थीं. उन्होंने दावा किया था कि इंटर कास्ट मैरिज के कारण उनके परिवार के साथ मतभेद हो गए थे और इससे वह मानसिक तनाव में थे. उन्होंने यह भी कहा था कि वह काफी समय से परेशान थे और डिप्रेशन से गुजर रहे थे. फिलहाल इस घटना के बाद उनके फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.