Ananya Panday Video: आर्यन खान के शो ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के प्रीमियर में जहां बॉलीवुड सितारों ने अपने ग्लैमरस अंदाज से रेड कार्पेट पर चार चांद लगाए, वहीं अनन्या पांडे अपने फैशन और मेकअप को लेकर सुर्खियों में आ गईं. उनकी चमकदार ड्रेस और छुट्टियों से लौटे टैन लुक ने सबका ध्यान खींचा, लेकिन सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल भी किया गया.
अनन्या पांडे हाल ही में मालदीव से छुट्टियां मनाकर लौटीं और सीधे इस प्रीमियर में नजर आईं. उन्होंने लगभग ₹86,200 कीमत वाली राइनस्टोन मैक्सी ड्रेस पहनी थी. सफेद और शैंपेन रंग के इस गाउन में लेस-ट्रिम्ड एसिमेट्रिक नेकलाइन और थाई-हाई स्लिट ने उनके लुक को बेहद स्टाइलिश बना दिया. गुलाबी होंठों, चमकदार त्वचा और बीची वेव्स हेयरस्टाइल के साथ अनन्या का लुक ग्लैमरस था. लेकिन, उनके टैन हुए कंधे और हाथ चेहरे से अलग नजर आ रहे थे, जिससे नेटिजन्स ने मेकअप आर्टिस्ट पर सवाल उठाना शुरू कर दिए.
जहां कुछ फैंस ने उनके ब्रॉन्ज लुक की तारीफ की, वहीं कई यूज़र्स ने उनकी तस्वीरों पर मजाक बनाए. फ़ैशन वॉचडॉग डाइट सब्या ने मजेदार कैप्शन के साथ लिखा, 'मैं आप सबके साथ नहीं रह सकती. वह अभी-अभी छुट्टियों से लौटी है, हाहा.' एक यूजर ने कहा, 'सच कहूं तो टैन बहुत अच्छा लग रहा है; मेकअप आर्टिस्ट को उसके चेहरे से मैचिंग मेकअप कर लेना चाहिए था!!' दूसरे ने चुटकी ली – 'छुट्टियों में उसका चेहरा ले जाना भूल गईं?'
ट्रोल्स ने तो एक कदम आगे बढ़ते हुए लिखा, 'कम से कम फाउंडेशन का शेड तो मैच कर लेना था', दूसरे ने कहा, 'चेहरे के लिए ब्रॉन्जर की बोतल खत्म हो गई' तीसरे ने कमेंट करते हुए कहा, 'मेकअप आर्टिस्ट को नौकरी से निकाल देना चाहिए.' कुछ ने तो उन्हें 'टैनएनीपांडे' कहकर पुकारा.
ट्रोल्स के बावजूद, अनन्या पांडे ने इस चर्चा को हल्के-फुल्के अंदाज में लिया. उन्होंने लिखा, 'मैं टैन की फैन हूं.' उनका कहना साफ था कि छुट्टियों का असर उनके लुक पर दिखाई देना बिल्कुल स्वाभाविक है और वह इसे आत्मविश्वास के साथ अपनाती हैं. अनन्या पांडे का यह रेड कार्पेट लुक एक बार फिर साबित करता है कि फैशन हमेशा सराहना और आलोचना दोनों लेकर आता है. छुट्टियों की झलक और रेड कार्पेट की ग्लैमरस झलक को उन्होंने मिलाकर जो स्टाइल पेश किया, उसने भले ही बहस छेड़ दी हो, लेकिन उन्होंने फैशन रिस्क लेने से परहेज नहीं किया.