मुंबई: राघव जुयाल ने डांस इंडिया डांस से अपनी पहचान बनाई थी. अपनी अलग स्टाइल और कॉमिक टाइमिंग से उन्होंने जल्दी ही दर्शकों के दिलों में जगह बना ली. इसके बाद उन्होंने फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में भी खुद को साबित किया. साल 2025 में आर्यन खान की सीरीज द बा ड्स ऑफ बॉलीवुड में उनकी एक्टिंग को खूब सराहा गया. इसी सफलता के बाद अब उनका नाम एक बड़े माइथोलॉजिकल प्रोजेक्ट से जुड़ता दिख रहा है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राघव जुयाल को रामायण पार्ट 2 के लिए साइन किया गया है. यह फिल्म नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही है. बताया जा रहा है कि राघव इस फिल्म में मेघनाद का किरदार निभा सकते हैं, जिसे इंद्रजीत के नाम से भी जाना जाता है. मेघनाद रावण का सबसे शक्तिशाली पुत्र था और रामायण की कहानी में उसका रोल काफी अहम माना जाता है.
वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक मेघनाद का रोल पहले विक्रांत मैसी को ऑफर किया गया था. किसी वजह से बात आगे नहीं बढ़ सकी. इसके बाद मेकर्स ने राघव जुयाल से संपर्क किया. रिपोर्ट्स में दावा है कि राघव ने इस रोल के लिए हामी भर दी है और वह इस मेगा प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने को लेकर काफी उत्साहित हैं.
खबरों के मुताबिक राघव जुयाल फिलहाल पैर की चोट से उबर रहे हैं. पूरी तरह फिट होने के बाद ही वह अपने हिस्से की शूटिंग शुरू करेंगे. यही वजह है कि उनकी कास्टिंग को लेकर आधिकारिक ऐलान में थोड़ा वक्त लग सकता है. मेकर्स की ओर से अब तक इस खबर की पुष्टि नहीं की गई है.
रामायण की कास्ट को लेकर पहले ही काफी चर्चा है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे. साई पल्लवी देवी सीता की भूमिका निभाएंगी. वहीं यश रावण के रोल में दिखेंगे. इसके अलावा रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में नजर आएंगे. सनी देओल भगवान हनुमान का किरदार निभा सकते हैं. लारा दत्ता कैकेयी की भूमिका में दिख सकती हैं. वहीं अरुण गोविल राजा दशरथ और इंदिरा कृष्णन रानी कौशल्या के रोल में नजर आ सकती हैं.
रामायण को प्राइम फोकस स्टूडियो और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 पर रिलीज होने की उम्मीद है. वहीं रामायण पार्ट 2 को दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में उतारने की योजना है.