इस एक गानें से Alka Yagnik को रातों-रात बना दिया था स्टार, लेकिन निजी जिंदगी में…
आज अलका याग्निक का जन्मदिन है. उन्हें बॉलिवुड में जितनी सफलता मिली, उतनी ही निजी जिंदगी में हलचल रही… आइए जानते हैं कि अलका याग्निक की लाइफ के कुछ अनसुने किस्सों के बारे में.
Alka Yagnik Birthday: जब भी बॉलिवुड के सिंगर्स की बात होती है, तो अलका याग्निक का नाम उन गायिकाओं में शुमार किया जाता है, जिन्हें लेजेंड कहना गलत नहीं है. इनकी मीठी आवाज ने कई गानों को यादगार बनाया है. इनकी आवाज तो घर-घर तक पहुंची है, लेकिन इनकी निजी जिंदगी के बारे में कुछ ऐसी बातें भी हैं, जिन्हें शायद ही आप जानते हों. बता दें कि आज अलका याग्निक का जन्मदिन है. इनका जन्म 20 मार्च 1966 को कोलकाता में हुआ था.
बचपन से था संगीत से रिश्ता: गुजराती परिवार में जन्मी अलका की मां शुभा याग्निक एक शास्त्रीय गायिका थीं. बचपन से ही संगीत उनके खून में था. सिर्फ 6 साल की उम्र में उन्होंने आकाशवाणी पर गाना शुरू कर दिया था. जब वो 10 साल की हुईं तो वो अपनी मां के साथ मुंबई आ गईं. यहां उन्हें मशहूर फिल्मकार राज कपूर से मिलने का मौका मिला.
अलका याग्निक की आवाज से बेहद प्रभावित हुए थे राज कपूर:
राज कपूर उनकी आवाज से बहुत प्रभावित हुए और उन्हें संगीतकार लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल से मिलवाया. शुरू में उन्हें डबिंग का काम मिला, लेकिन उन्होंने गायन में ही आगे बढ़ने का फैसला किया. इन्हें असली पहचान तेजाब फिल्म से मिली थी जिसमें इन्होंने एक दो तीन गाने में अपनी आवाज दी थी. इस गाने की लोकप्रियता 1988 से लेकर आज तक ज्यों की त्यों बनी हुई है. इस गाने ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया.
इसके बाद उनकी आवाज हर फिल्म में छाई रही. कयामत से कयामत तक से, साजन, कुछ कुछ होता है, हम हैं राही प्यार के जैसी फिल्मों में उनके गाने आज भी लोगों के दिलों में बसे हैं. इनकी आवाज में इतने इमोशन्स हैं कि वो सीधे दिल तक पहुंचती है. अलका को 7 फिल्मफेयर अवॉर्ड, 2 नेशनल फिल्म अवॉर्ड और कई अन्य सम्मान मिले हैं. भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण से नवाजा है.
जब अपनी शादीशुदा जिंदगी को कर दिया था नजरअंदाज:
अलका ने 1989 में शिलांग के बिजनेसमैन नीरज कपूर से शादी की. दोनों की मुलाकात परिवार के रिश्ते से हुई थी और प्यार हो गया. परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन अलका ने जिद में शादी कर ली. शादी के एक साल बाद उनकी बेटी हुई, यही वो समय था जब एक दो तीन गाना हिट हुआ था. सफलता के नशे में अलका इतनी व्यस्त हो गईं कि उन्होंने शादीशुदा जिंदगी पर कम ध्यान दिया. नीरज का बिजनेस शिलांग में था, जबकि अलका को मुंबई में रहना पड़ता था.
दोनों अलग-अलग शहरों में रहने लगे. कभी-कभी महीनों नहीं मिलते थे. अलका ने एक बार खुद बताया था कि वो सफलता के नशे में खुद इतना ज्यादा खो गईं थीं कि उन्होंने अपनी मैरिड लाइफ को नजरअंदाज कर दिया था. हालांकि, आज भी वो शादीशुदा हैं, लेकिन करीब 36 साल से अलग-अलग रहते हैं.