मुंबई: बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय और सफल एक्टरओं में अक्षय कुमार का नाम लंबे समय से शामिल है. करीब 35 साल से हिंदी सिनेमा में सक्रिय अक्षय ने फिल्मों के जरिए न सिर्फ खूब नाम कमाया, बल्कि करोड़ों की संपत्ति भी बनाई. 9 सितंबर को अपना 59वां जन्मदिन मना रहे एक्टर की जिंदगी का सफर काफी दिलचस्प रहा है. खास बात यह है कि बॉलीवुड में कदम रखने के पीछे उनका मकसद शुरुआत में सिर्फ एक्टर बनना नहीं था.
अक्षय कुमार का जन्म 9 सितंबर 1967 को पंजाब के अमृतसर में हुआ था. उनका असली नाम राजीव भाटिया है. बचपन के बाद उनका परिवार दिल्ली और फिर मुंबई आ गया, जहां से उनके जीवन और करियर ने आगे का रास्ता तय किया. बॉलीवुड में पहचान बनाने के बाद राजीव भाटिया नाम की जगह वह दुनिया के सामने अक्षय कुमार के नाम से मशहूर हुए.
फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले अक्षय कुमार ने कई तरह के काम किए. उन्होंने शेफ और वेटर के तौर पर भी काम किया. इसके अलावा वह मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग भी देते थे. बाद में उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और यहीं से फिल्मों में जाने का रास्ता खुला. करियर के शुरुआती दिनों के एक इंटरव्यू में अक्षय ने बॉलीवुड में आने की वजह को लेकर बेहद सीधी बात कही थी. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा था कि वह इंडस्ट्री में सिर्फ पैसे कमाने के लिए आए थे, क्योंकि उस समय उन्हें एक्टिंग भी नहीं आती थी.
यानी जिस एक्टर ने आगे चलकर अपनी एक्टिंग और एक्शन के दम पर बॉलीवुड में अलग पहचान बनाई, उसके लिए फिल्मों की दुनिया में एंट्री का शुरुआती मकसद आर्थिक रूप से बेहतर जिंदगी हासिल करना था.
फिल्मों में आने से पहले अक्षय कुमार मार्शल आर्ट्स सिखाकर भी कमाई करते थे. उस दौर में उनकी कमाई करीब 5 हजार रुपये तक बताई जाती है. आज उनकी आर्थिक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है. मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक अक्षय कुमार की कुल नेटवर्थ करीब 2500 करोड़ रुपये तक बताई जाती है. रिपोर्ट्स के अनुसार वह अपनी एक फिल्म के लिए करीब 50 से 120 करोड़ रुपये तक फीस लेते हैं.
अक्षय कुमार ने फिल्मों से कमाई के अलावा रियल एस्टेट में भी निवेश किया है. मुंबई के जुहू इलाके में उनका परिवार के साथ घर है, जिसकी कीमत करीब 80 करोड़ रुपये बताई जाती है. इसके अलावा मुंबई के अंधेरी, बोरीवली और मुलुंड जैसे इलाकों में भी उनकी कई प्रॉपर्टीज होने की जानकारी सामने आती रही है. इनमें रेजिडेंशियल और कमर्शियल प्रॉपर्टीज शामिल बताई जाती हैं.
अक्षय की संपत्ति सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक उनके पास कनाडा में हॉलिडे होम, दक्षिण अफ्रीका में लग्जरी बंगला और गोवा में समुद्र के किनारे एक विला भी है. इसके अलावा मॉरीशस और दुबई में भी उनकी प्रॉपर्टीज बताई जाती हैं.