मुंबई: अहान पांडे की 'सैयारा' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था. अपनी डेब्यू फिल्म से ही उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया और अब वे अपने करियर में अगला बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं. इस बार 'सुल्तान' और 'टाइगर' जैसी हिट फिल्मों के डायरेक्टर अली अब्बास जफर ने उन पर भरोसा जताया है. अली अब्बास जफर ने सलमान खान के साथ काम किया है, लेकिन अब वे अहान पांडे के साथ एक नया एक्शन से भरपूर प्रोजेक्ट शुरू कर रहे हैं.
अली अब्बास जफर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अहान के साथ एक फोटो शेयर की. इस तस्वीर में दोनों ट्रेनिंग के दौरान नजर आए. कैप्शन में उन्होंने लिखा- 'ताकत किसी को दी नहीं जाती... ये ली जाती है... रोल करने के लिए तैयार अहान पांडे.' यह पोस्ट देखकर फैंस काफी एक्साइटेड हो गए.
अली अब्बास ने अहान की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी आंखों में सच्चाई झलकती है और वे इमोशंस को बहुत गहराई से दिखा सकते हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार यह अनटाइटल्ड फिल्म एक हाई-वोल्टेज एक्शन रोमांस होगी. इसमें अहान पांडे मुख्य भूमिका में होंगे और उनके साथ 'मुंज्या' और अन्य प्रोजेक्ट्स से जानी जाने वाली एक्ट्रेस शरवरी भी नजर आएंगी.
फिल्म का पहला शेड्यूल 30 मार्च से मुंबई के यश राज फिल्म्स (YRF) स्टूडियो में शुरू होगा. यह शूट लगभग 27 दिनों तक चलेगी. मुंबई के बाद टीम मई में यूके (खासकर लंदन) शिफ्ट हो जाएगी, जहां 60 दिनों का लंबा शेड्यूल होगा. लंदन में एक बड़ा एक्शन सीक्वेंस शूट किया जाएगा, जो 5 दिनों तक चलेगा. फिलहाल अहान पांडे और पूरी टीम इंटेंस ट्रेनिंग में जुटी हुई है. इसमें हैंड-टू-हैंड कॉम्बैट, वेपन हैंडलिंग और अन्य हाई-ऑक्टेन एक्शन तैयारी शामिल है.
अहान रोमांटिक इमेज से निकलकर अब एक्शन हीरो के रूप में खुद को स्थापित करना चाहते हैं. फिल्म की शूटिंग जुलाई 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है और इसे 2027 की शुरुआत में थिएटर्स में रिलीज करने का प्लान है.'सैयारा' की सफलता के बाद अहान के फैंस उनके नए लुक और परफॉर्मेंस का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अली अब्बास जफर जैसे अनुभवी डायरेक्टर के साथ यह प्रोजेक्ट उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है.