menu-icon
India Daily

चुपचाप रिलीज हुई 'हनुमान अंश' ने मचाया तहलका, अब आदित्य धर ने बांधे तारीफों के पुल

विशाल चतुर्वेदी की फिल्म 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. करीब ₹2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने भारत में ₹122.13 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
चुपचाप रिलीज हुई 'हनुमान अंश' ने मचाया तहलका, अब आदित्य धर ने बांधे तारीफों के पुल
Courtesy: Social Media

विशाल चतुर्वेदी की फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन करते हुए सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म भारत में 120 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर चुकी है. फिल्म की बढ़ती लोकप्रियता के बीच अब बॉलीवुड से भी इसे समर्थन मिल रहा है. अभिनेता वरुण धवन के बाद मशहूर निर्देशक आदित्य धर ने भी फिल्म की तारीफ की है.

आदित्य धर ने सोशल मीडिया पर की तारीफ

आदित्य धर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर 'हनुमान अंश' का पोस्टर शेयर किया. इसके साथ उन्होंने ओम, प्यार और हाथ जोड़ने वाले इमोजी का इस्तेमाल किया और फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी को भी टैग किया. आदित्य धर की ओर से फिल्म के लिए किया गया यह छोटा लेकिन खास समर्थन ऐसे समय में आया है, जब 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा भी बढ़ रही है.

Aditya Dhar lauded Hanuman Ansh - India Daily
Aditya Dhar lauded Hanuman Ansh - India Daily

वरुण धवन ने मां के साथ देखी फिल्म

इससे पहले अभिनेता वरुण धवन भी 'हनुमान अंश' की तारीफ कर चुके हैं. वरुण ने सोशल मीडिया पर बताया था कि उन्होंने अपनी मां के साथ सिनेमाघर में फिल्म देखी. वरुण ने दर्शकों से फिल्म को थिएटर में देखने की अपील करते हुए इसे अपने लिए एक शानदार अनुभव बताया. उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनका भगवान हनुमान से जुड़ाव रहा है और 'हनुमान अंश' उन्हें कुछ अलग महसूस कराने वाली फिल्म लगी.

अभिनेता ने फिल्म के लीड एक्टर शोभिनव सत्या की परफॉर्मेंस की भी तारीफ की. साथ ही उन्होंने निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन की सराहना करते हुए फिल्म को दिल से बनाई गई कृति बताया.

विशाल चतुर्वेदी ने बॉलीवुड के सपोर्ट पर कही थी बात

'हनुमान अंश' की कहानी आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित बताई गई है. फिल्म की सफलता के बाद निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बॉलीवुड से मिल रहे समर्थन को लेकर अपनी बात रखी थी. एक पॉडकास्ट बातचीत के दौरान विशाल ने बताया कि फिल्म के अच्छा प्रदर्शन करने के बाद कई लोगों ने उन्हें फोन करके बधाई दी. उन्होंने कहा कि इनमें कुछ ऐसे लोग भी थे, जिनसे उन्होंने फिल्म के शुरुआती दौर में मदद मांगी थी, लेकिन उस समय उन्हें समर्थन नहीं मिला था.

विशाल ने यह भी कहा कि वह उन लोगों के नाम सार्वजनिक नहीं करना चाहते, जिन्होंने अब उन्हें बधाई दी है. हालांकि, उन्होंने बताया कि निर्देशक मधुर भंडारकर ने भी उन्हें फिल्म की सफलता पर शुभकामनाएं दी थीं.