Bollywood News: रेणुकास्वामी हत्याकांड के सिलसिले में न्यायिक हिरासत में बंद कन्नड़ एक्टर दर्शन टुगुदीपा ने कर्नाटक उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर उन्हें जेल में घर का खाना दिए जाने की मांग की है. यही नहीं उन्होंने जेल में कपड़े, बिस्तर, कटलरी और किताबों की भी मांग की है.
एक्टर बोले- जेल के खाने से हो गया है डायरिया
दर्शन ने अपनी याचिका में कहा है कि जेल का खाना खाने से उनका वजन कई किलो कम हो गया है क्योंकि वह जेल में बना हुआ खाना पचा नहीं पा रहे हैं. अभिनेता ने कहा कि उन्हें डायरिया की शिकायत थी जिसको लेकर जेल के डॉक्टरों ने फूड पॉइजनिंग का संदेह जताया था.
एक्टर ने अपनी याचिका में कहा, कर्नाटक कारागार अधिनियम, 1963 की धारा 30 के अनुसार, विचाराधीन कैदियों को इन सब सामग्रियों को जांच के अधीन और आईजीपी (कारागार) द्वारा अनुमोदित नियमों के अधीन प्राप्त करने की अनुमति है. एक्टर दर्शन की याचिका को अभी सुनवाई के लिए लिस्ट नहीं किया गया है.
अभी आरोपपत्र दाखिल होना बाकी
बता दें कि हाल ही में कर्नाटक के गृह मंत्री गंगाधरैया परमेश्वर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एक्टर दर्शन के बारे में भी बात की थी. उन्होंने कहा था कि आरोपी को पकड़ लिया गया है लेकिन जांच में जल्दबााजी नहीं की जा सकती.
उन्होंने कहा कि सब कुछ मीडिया के कहने पर नहीं हो सकता. सब चीज की एक प्रक्रिया होती है. पर्याप्त सबूत इकट्ठा कर ही चार्जशीट फाइल की जाएगी. उन्होंने कहा कि यहां किसी को बचाने की कोशिश नहीं की जा रही है.
क्या है दर्शन पर आरोप
दर्शन पर 33 साल की अपनी एक फैन रेणुकास्वामी की हत्या का आरोप है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक रेणुकास्वामी ने दर्शन की करीबी दोस्त पवित्रा गौड़ा और सह आरोपी को अश्लील मैसेज भेजे थे, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. मृतक का शव 9 जून को सुमनहल्ली में एक अपार्टमेंट के बगल में एक बरसाती नाले के पास मिला था.