मुंबई: नेटफ्लिक्स की मोस्टअवेटेड साइकोलॉजिकल थ्रिलर अक्क्यूस्ड का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज हो चुका है. फिल्म का निर्देशन अनुभूति कश्यप ने किया है और इसमें कोंकणा सेन शर्मा और प्रतिभा रांटा अहम किरदार में नजर आएंगी. ट्रेलर की शुरुआत एक गुमनाम मैसेज से होती है, जो दो महिलाओं की जिंदगी को हिला कर रख देता है. कहानी में सस्पेंस, भावनाएं और आरोपों का गहरा जाल देखने को मिलता है.
फिल्म की कहानी एक मशहूर गाइनेकोलॉजिस्ट गीतिका के इर्द गिर्द घूमती है, जिसका किरदार कोंकणा सेनशर्मा निभा रही हैं. गीतिका पर लगे गंभीर आरोप उसके करियर और निजी जिंदगी को खतरे में डाल देते हैं. प्रतिभा रन्ता मीरा की भूमिका में हैं, जो सच जानने के लिए आगे आती है. ट्रेलर से साफ है कि फिल्म रिश्तों, भरोसे और सच के टकराव की कहानी पेश करेगी.
अक्क्यूस्ड को धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है. इसे करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता और सोमेन मिश्रा ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म की कहानी सीमा अग्रवाल और यश केसवानी ने लिखी है. एडिटिंग का जिम्मा प्रेरणा सहगल ने संभाला है, जबकि साउंड डिजाइन धीमान करमरकर ने किया है. ओरिजिनल बैकग्राउंड म्यूजिक नील अधिकारी का है, जो ट्रेलर में रोमांच को और गहरा करता है.
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस के रिएक्शन आने लगे. कई यूजर्स ने कोंकणा और प्रतिभा की एक्टिंग की तारीफ की. कुछ लोगों ने इसे मास्टरपीस बताया तो कई ने सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड म्यूजिक की सराहना की. ट्रेलर की झलक ने यह साफ कर दिया है कि फिल्म में सस्पेंस और भावनाओं का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा.
अक्क्यूस्ड 27 फरवरी 2026 से Netflix पर स्ट्रीम होगी. ट्रेलर ने पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि फिल्म में गीतिका पर लगे आरोपों के पीछे का सच क्या है और क्या मीरा सच्चाई तक पहुंच पाएगी. नेटफ्लिक्स की यह नई पेशकश दर्शकों को एक रोमांचक और सोचने पर मजबूर करने वाला अनुभव देने का वादा करती है.