menu-icon
India Daily

3 इडियट्स का सच आया सामने, सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर आमिर खान ने तोड़ी चुप्पी; बोले- 'चतुर गलत है'

आमिर खान ने पहली बार सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर प्रतिक्रिया देते हुए उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई है. साथ ही उन्होंने साफ किया कि फिल्म 3 इडियट्स का फुंसुख वांगडू किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था और इसे लेकर लंबे समय से बनी धारणा गलत है.

babli
Edited By: Babli Rautela
3 इडियट्स का सच आया सामने, सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर आमिर खान ने तोड़ी चुप्पी; बोले- 'चतुर गलत है'
Courtesy: Social Media

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने आखिरकार सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. पिछले कई दिनों से दिल्ली के जंतर मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर आमिर ने चिंता जताई. इसके साथ ही उन्होंने वर्षों से चली आ रही उस धारणा पर भी विराम लगा दिया कि फिल्म 3 इडियट्स का उनका किरदार फुंसुख वांगडू, सोनम वांगचुक के जीवन से प्रेरित था.

लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में फिल्म लगान की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान मीडिया से बातचीत में आमिर खान ने कहा कि सभी लोग सोनम वांगचुक की सेहत और उनकी जान को लेकर चिंतित हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही स्थिति सामान्य होगी और सोनम वांगचुक अपना अनशन समाप्त करेंगे.

3 इडियट्स को लेकर किया बड़ा खुलासा

आमिर खान ने साफ शब्दों में कहा कि फिल्म 3 इडियट्स का उनके किरदार से सोनम वांगचुक का कोई सीधा संबंध नहीं था. उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग और निर्माण के समय न तो उन्हें और न ही फिल्म की टीम को सोनम वांगचुक के बारे में जानकारी थी. आमिर के अनुसार यह धारणा एक गलतफहमी के कारण बनी, जिसे अब स्पष्ट किया जाना जरूरी था.

ओमी वैद्य के दावे को बताया गलत

कुछ दिन पहले फिल्म 3 इडियट्स में चतुर का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि फुंसुख वांगडू का किरदार सोनम वांगचुक के जीवन से प्रेरित था. उन्होंने लोगों से सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर ध्यान देने की अपील भी की थी. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आमिर खान ने मुस्कुराते हुए कहा कि चतुर गलत है. उन्होंने दोहराया कि फिल्म बनाते समय निर्देशक राजकुमार हिरानी, लेखक अभिजात जोशी और पूरी टीम सोनम वांगचुक के बारे में नहीं जानती थी.

आमिर खान ने कहा कि सोनम वांगचुक ने शिक्षा, पर्यावरण और समाज के लिए जो काम किया है, उसकी पहचान किसी फिल्म से जोड़कर नहीं बल्कि उनके अपने योगदान के आधार पर होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि समाज के लिए उनका काम अपने आप में बेहद महत्वपूर्ण है और उसे उसी रूप में सम्मान मिलना चाहिए.

लगातार चर्चा में है भूख हड़ताल

सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पिछले कई दिनों से चर्चा का विषय बनी हुई है. उनकी सेहत को लेकर देशभर में चिंता जताई जा रही है. इस बीच आमिर खान की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद एक बार फिर यह मामला सुर्खियों में आ गया है. साथ ही 3 इडियट्स और सोनम वांगचुक के बीच बताए जाने वाले संबंध पर भी आमिर खान के बयान ने लंबे समय से चली आ रही चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है.