menu-icon
India Daily

आमिर खान ने 'लव जिहाद' के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी, बोले- 'मेरी किसी पत्नी ने अपना धर्म नहीं बदला'

आमिर खान ने बताया- 'न गौरी ने, न किरण राव ने और न ही रीना दत्ता ने अपना धर्म बदला. हमने सिविल मैरिज की थी. गौरी तो हिंदू भी नहीं हैं, वो ईसाई हैं और वो भी प्रैक्टिसिंग नहीं. समय के साथ जिंदगी और ज्यादा कॉमिकल होती जा रही है.'

antima
Edited By: Antima Pal
आमिर खान ने 'लव जिहाद' के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी, बोले- 'मेरी किसी पत्नी ने अपना धर्म नहीं बदला'
Courtesy: X

Aamir Khan On Love Jihad: बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान ने एक बार फिर विवादों पर चुप्पी तोड़ी है. अपनी नई पत्नी गौरी स्प्रैट से शादी के बाद उठे 'लव जिहाद' जैसे आरोपों को उन्होंने साफ शब्दों में खारिज कर दिया. आमिर ने कहा कि उनकी जिंदगी में धर्म कभी रिश्तों का आधार नहीं रहा.

आमिर खान ने 'लव जिहाद' के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी

एक इंटरव्यू में आमिर खान ने बताया- 'न गौरी ने, न किरण राव ने और न ही रीना दत्ता ने अपना धर्म बदला. हमने सिविल मैरिज की थी. गौरी तो हिंदू भी नहीं हैं, वो ईसाई हैं और वो भी प्रैक्टिसिंग नहीं. समय के साथ जिंदगी और ज्यादा कॉमिकल होती जा रही है.'

आमिर ने अपने परिवार की उदार सोच के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा- 'हमारा परिवार बहुत समावेशी है. मेरी दोनों बहनें हिंदू लड़कों से शादीशुदा हैं. मेरी बेटी भी हिंदू से शादी करके सुखी है. मेरा कजिन मंसूर एक ईसाई लड़की से शादी किया हुआ है. यहां धर्म कभी बाधा नहीं बना.'

आमिर खान की पहली पत्नी रीना दत्ता, दूसरी पत्नी किरण राव और अब गौरी स्प्रैट – तीनों ही गैर-मुस्लिम हैं. आमिर ने जोर देकर कहा कि उनके रिश्ते हमेशा आपसी सम्मान और प्यार पर टिके हैं, न कि किसी धार्मिक एजेंडे पर.

विवाद और फतवा

इस बयान के बावजूद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा. उत्तर प्रदेश के शाही चीफ मुफ्ती मौलाना चौधरी इब्राहिम हुसैन ने आमिर खान के खिलाफ फतवा जारी कर दिया है. मुफ्ती साहब का कहना है कि एक मुस्लिम पुरुष गैर-मुस्लिम महिला से शादी तभी कर सकता है जब वो इस्लाम कबूल कर ले.

दूसरी तरफ महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता नितेश राने ने आमिर की शादी पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि सेलिब्रिटी जब ऐसे फैसले लेते हैं तो हिंदू समाज को सोचना चाहिए. नितेश राने ने इसे 'लव जिहाद' का उदाहरण बताने की कोशिश की.