एक बार देखना शुरू किया तो खत्म किए बिना नहीं उठेंगे! वीकेंड पर बिंज वॉच करें ये 5 शानदार K-Drama
अगर आप कोरियन ड्रामा देखने के शौकीन हैं और वीकेंड पर कुछ नया देखना चाहते हैं, तो पांच सीरीज की यह लिस्ट आपके काम आ सकती है.
5 Korean Dramas: वीकेंड पर काम और रोजमर्रा की भागदौड़ से थोड़ा ब्रेक लेकर पसंदीदा सीरीज देखना किसे अच्छा नहीं लगता? अगर आप भी कोरियन ड्रामा के दीवाने हैं, तो इस बार आपके पास मनोरंजन के कई विकल्प हैं. K-Drama की खासियत है कि इसमें प्यार और रिश्तों की भावनाओं के साथ अपराध, बदला, एक्शन और रहस्य भी देखने को मिलता है. यही वजह है कि इनकी कहानियां दर्शकों को लंबे समय तक बांधे रखती हैं.
इस वीकेंड के लिए हम पांच ऐसी कोरियन सीरीज की जानकारी लेकर आए हैं, जिनकी कहानी एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है. कहीं एक बॉडीगार्ड सत्ता के खेल में उलझता है, तो कहीं एक महिला अपने साथ हुए अन्याय का बदला लेने निकलती है. एक सीरीज में रोमांस के साथ हत्या की गुत्थी है, जबकि दूसरी में पहचान छिपाकर शुरू हुआ मिशन कहानी को नया मोड़ देता है.
1. द K2: सुरक्षा की जिम्मेदारी के पीछे छिपी साजिश
अगर आपको एक्शन और राजनीतिक सस्पेंस पसंद है, तो The K2 देख सकते हैं. इसकी कहानी किम जे-हा नाम के एक पूर्व सैनिक के इर्द-गिर्द घूमती है. वह एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालता है. लेकिन यह काम उसके लिए आसान नहीं होता. धीरे-धीरे वह सत्ता की लड़ाई, पारिवारिक रहस्यों और कई खतरनाक साजिशों के बीच फंस जाता है. कहानी में रोमांस भी देखने को मिलता है.
Also Read
2. द ग्लोरी: सालों बाद लिया अन्याय का बदला
The Glory उन दर्शकों को पसंद आ सकती है, जिन्हें गंभीर और भावनात्मक कहानियां देखना अच्छा लगता है. इसमें मून डोंग-उन की कहानी दिखाई गई है, जिसे स्कूल के दिनों में बुरी तरह प्रताड़ित किया जाता है. इस घटना का असर उसकी पूरी जिंदगी पर पड़ता है. बड़े होने के बाद वह अपने साथ अन्याय करने वालों से बदला लेने की योजना बनाती है. यह कहानी दर्द, धैर्य और इंसाफ की तलाश को दिखाती है. अब तक इसके दो पार्ट आ चुके हैं.
3. सस्पिशियस पार्टनर: प्यार और हत्या की गुत्थी
रोमांस के साथ रहस्य देखना चाहते हैं, तो Suspicious Partner एक अच्छा विकल्प है. इसकी कहानी एक अभियोजक और उसकी प्रशिक्षु के आसपास घूमती है. एक हत्या के मामले में प्रशिक्षु पर ही शक होने लगता है. उसे बेगुनाह साबित करने की कोशिश में दोनों अपराधी की तलाश करते हैं. इस दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ती हैं और कहानी में प्यार के साथ कई उतार-चढ़ाव आते हैं.
4. My Name: पिता की मौत के बाद बदले की राह
My Name एक्शन और क्राइम पसंद करने वालों के लिए है. इसमें यून जी-वू नाम की युवती अपने पिता की हत्या के बाद बदला लेने का फैसला करती है. अपने मकसद को पूरा करने के लिए वह एक अपराधी गिरोह की मदद लेती है और पुलिस में दूसरी पहचान के साथ शामिल हो जाती है. इसके बाद उसका सामना ऐसे सच और खतरों से होता है, जो उसकी जिंदगी बदल देते हैं.
5. लव इन डिस्गाइज: छिपी पहचान के बीच पनपता प्यार
2026 की सीरीज Love in Disguise की कहानी भी दिलचस्प है. इसमें कांग जे-ही नाम की एक जासूस हत्या के संदिग्ध कारोबारी उत्तराधिकारी यून यी-जुन के निजी सहायक के रूप में पहुंचती है. इस मिशन के लिए वह अपनी पहचान छिपाकर पुरुष का भेष धारण करती है. जांच आगे बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती हैं. लेकिन छिपी हुई पहचान और जांच से जुड़े राज उनके रिश्ते को मुश्किल बना सकते हैं.