रसगुल्ला समझकर खा लिया बम, जोरदार धमाके के बाद शख्स की मौत

मध्य प्रदेश के डिंडौरी में 35 वर्षीय राजेंद्र बरौतिया की बम निगलने से मौत हो गई. दोस्त ने कथित तौर पर रसगुल्ला समझकर विस्फोटक उसके मुंह में डाल दिया था.

X
Sagar Bhardwaj

मध्य प्रदेश के डिंडौरी में हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने रसगुल्ला समझकर मुंह में विस्फोटक रख लिया. काटते ही धमाका हुआ और उसकी मौत हो गई.

मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के छांटा गांव में दिवाली के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ. मंगलवार रात करीब 8 बजे 35 वर्षीय राजेंद्र बरौतिया कुछ लोगों के साथ अलाव के पास बैठा था. इसी दौरान उसका दोस्त राम भगत बरौतिया कथित तौर पर रसगुल्ले जैसा दिखने वाला विस्फोटक उसके मुंह में डाल दिया. उस समय दोनों आपस में बातचीत और हंसी-मजाक कर रहे थे.

काटते ही हुआ जोरदार धमाका

राजेंद्र ने जैसे ही उस चीज को दांतों से काटा, उसमें जोरदार विस्फोट हो गया. वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत डिंडौरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.


जंगली सूअर के शिकार में होता है इस्तेमाल

पुलिस के मुताबिक, इस तरह के देसी विस्फोटक का इस्तेमाल कुछ ग्रामीण और आदिवासी समुदाय जंगली सूअरों के शिकार के लिए करते हैं. इन्हें बारूद से भरे आटे के गोलों से बनाया जाता है. पुलिस ने राम भगत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है.जांच की जा रही है कि यह हरकत मजाक में की गई थी या हत्या की नीयत से.