45 साल की मां और 21 साल के बेटे ने एक साथ ली IIT की डिग्री, स्टेज पर दिखा अनोखा नजारा
आईआईटी मद्रास के दीक्षांत समारोह में 45 वर्षीय मां जिगीषा टेलर और उनके 21 वर्षीय बेटे आदित्य कपाड़िया ने एक साथ मंच पर कदम रखकर अपनी डिग्रियां हासिल कर एक अनोखी मिसाल कायम की.
गुजरात के भरूच में 16 साल तक इलेक्ट्रॉनिक्स पढ़ाने वाली 45 वर्षीय जिगीषा टेलर ने साल 2019 में पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण नौकरी छोड़ दी थी. साल 2021 में उनके 18 वर्षीय बेटे आदित्य ने आईआईटी मद्रास के ऑनलाइन 'बीएस इन डेटा साइंस एंड एप्लिकेशन' कोर्स में दाखिला लिया. घर पर बेटे को पढ़ते देख और उसके लगातार प्रोत्साहित करने पर, साल 2022 के अंत में जिगीषा ने भी इसी कोर्स में एडमिशन ले लिया. इसके बाद मां-बेटे की जोड़ी के लिए किचन की टेबल ही पढ़ाई का डेस्क बन गई.
मां-बेटे में मची अच्छा ग्रेड लाने की होड़
लंबे अंतराल के बाद दोबारा गणित और सांख्यिकी (Stats) सीखना जिगीषा के लिए आसान नहीं था. वह सुबह 4:30 बजे उठकर 7:00 बजे तक पढ़ाई करती थीं, जिसके बाद वह घर के काम निपटाती थीं. रिश्तेदारों ने उम्र के इस पड़ाव पर पढ़ाई करने को लेकर सवाल भी उठाए, लेकिन प्रोफेसर पति और ससुराल वालों के अटूट समर्थन ने उन्हें डिगने नहीं दिया. कोर्स के दौरान मां और बेटे सहपाठी के साथ-साथ एक-दूसरे के कड़े प्रतिस्पर्धी भी बन गए, जहां 'S' और 'A' ग्रेड लाने की होड़ मची रहती थी.
मां-बेटे ने एक साथ ली डिग्री
आदित्य ने साल 2024 में अपनी बीएस (BS) डिग्री पूरी की और उन्हें 'सिंजेन्टा' में डेटा साइंस इंजीनियर के रूप में फुल-टाइम नौकरी मिल गई. वहीं, जिगीषा ने भी उसी समय अपना डिप्लोमा पूरा किया. दीक्षांत समारोह के दिन दोनों अलग-अलग सेक्शन में बैठे थे, क्योंकि दोनों के कोर्स अलग थे. लेकिन एक सहपाठी की पहल पर प्रशासन ने दोनों को एक साथ मंच पर डिग्री लेने के लिए आमंत्रित किया, जिसे जिगीषा ने एक चमत्कार की तरह बताया.