सुचिका तारियाल ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए महिलाओं का पहला MMA ब्रॉन्ज मेडल जीता

सुचिका तारियाल ने एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं के ट्रेडिशनल 60 किलोग्राम MMA इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया.

@SomeshPal X Account
Km Jaya

भारत की सुचिका तारियाल ने एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया है. सोमवार को उन्होंने महिलाओं के ट्रेडिशनल 60 किलोग्राम MMA इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इस खेल में भारत को पहला एशियन गेम्स पदक दिलाया. 36 वर्षीय सुचिका को सेमीफाइनल के एक्स्ट्रा राउंड में सिंगापुर की हुई हून तेओ के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन सेमीफाइनल तक पहुंचने के साथ ही उनका कांस्य पदक पक्का हो गया था.

सुचिका तारियाल ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगल्मा को 2-0 से हराया था. इस जीत के साथ उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के लिए पदक सुनिश्चित किया.

सुचिका का प्रदर्शन ऐतिहासिक

सेमीफाइनल में सिंगापुर की हुई हून तेओ के खिलाफ उन्हें हार मिली. इसके बावजूद सुचिका का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा, क्योंकि MMA को पहली बार एशियन गेम्स में शामिल किया गया है.


सुचिका तारियाल का अंतरराष्ट्रीय खेलों में अनुभव काफी पुराना है. वह 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने 2023 एशियन गेम्स में कुराश में भी हिस्सा लिया था. अब MMA में भारत के लिए पहला एशियन गेम्स पदक जीतकर उन्होंने अपने नाम एक खास उपलब्धि दर्ज कर ली है.

भारत के खाते में पहुंचे 4 मेडल

सुचिका के ब्रॉन्ज के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या चार हो गई है. इनमें शूटिंग से तीन सिल्वर मेडल आए हैं, जबकि MMA में सुचिका ने ब्रॉन्ज दिलाया है.

इससे पहले पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ माने ने 1890.1 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता. चीन ने 1899.0 अंक के साथ गोल्ड हासिल किया और क्वालिफिकेशन वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया.

रुद्रांक्ष और हिमांशु की नजर व्यक्तिगत पदक पर

10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में रुद्रांक्ष पाटिल 631.8 अंक के साथ तीसरे और हिमांशु ढिल्लों 630.0 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे. दोनों ने व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालिफाई किया है. पार्थ माने 628.3 अंक के साथ 10वें स्थान पर रहे.

इस तरह एशियन गेम्स 2026 में भारत का अभियान लगातार पदकों के साथ आगे बढ़ रहा है. सुचिका तारियाल का कांस्य विशेष है, क्योंकि यह MMA में भारत का पहला एशियन गेम्स पदक है.