हरियाणा बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी, लड़कियों ने फिर मारी बाजी; यहां देखें Topper List और Direct Link

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सीनियर सेकेंडरी परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी मार ली.

X
Ashutosh Rai

हरियाणा बोर्ड के लाखों छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया. बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा ने मंगलवार को सीनियर सेकेंडरी वार्षिक परीक्षा 2026 के नतीजे जारी कर दिए. भिवानी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने रिजल्ट की घोषणा की. इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया. साइंस स्ट्रीम का रिजल्ट सबसे बेहतर रहा. चरखी दादरी जिला प्रदेश में टॉप पर रहा. छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं.

छात्रों में खुशी का माहौल

हरियाणा बोर्ड की सीनियर सेकेंडरी परीक्षा में इस साल कुल 2,42,856 रेगुलर छात्र शामिल हुए थे. इनमें से 2,05,618 छात्रों ने सफलता हासिल की. कुल पास प्रतिशत 84.67 दर्ज किया गया. वहीं, सेल्फ स्टडी छात्रों का रिजल्ट 69.57 प्रतिशत रहा.

लड़कियों ने फिर मारी बाजी

इस बार भी छात्राओं ने प्रदर्शन के मामले में लड़कों को पीछे छोड़ दिया. परीक्षा में शामिल 1,19,893 छात्राओं में से 1,05,467 पास हुईं. लड़कियों का पास प्रतिशत 87.97 रहा. वहीं, लड़कों का पास प्रतिशत 81.45 दर्ज किया गया. छात्राओं ने लड़कों से 6.52 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया. ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों का रिजल्ट भी शहरी छात्रों से थोड़ा बेहतर रहा. ग्रामीण छात्रों का पास प्रतिशत 84.98 जबकि शहरी छात्रों का 83.91 प्रतिशत रहा.

साइंस स्ट्रीम सबसे आगे

स्ट्रीम के हिसाब से देखा जाए तो साइंस के छात्रों ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया. साइंस स्ट्रीम का पास प्रतिशत 90.08 रहा. कॉमर्स स्ट्रीम में 88.20 प्रतिशत छात्र सफल हुए. वहीं आर्ट्स स्ट्रीम का रिजल्ट 82.60 प्रतिशत रहा. बोर्ड ने टॉपर्स की सूची भी जारी की.

हरियाणा बोर्ड टॉपर्स

रेवाड़ी की दीपिका ने 499 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया. वहीं, उदिता ने 498 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. योगिता और मुस्कान ने 497 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया. टॉपर्स की सफलता ने अन्य छात्रों को भी प्रेरित किया है.

प्रोविजनल मार्कशीट डाउनलोड करने के चरण

जो छात्र अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख रहे हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि रिजल्ट पोर्टल पर लॉग इन करने से पहले वे अपने एडमिट कार्ड और रोल नंबर की जानकारी अपने पास तैयार रखें.

HBSE कक्षा 12 का रिजल्ट 2026 ऑनलाइन कैसे देखेंः

  • HBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
  • वहां उपलब्ध सीनियर सेकेंडरी रिजल्ट 2026 लिंक खोलें.
  • मांगे गए कॉलम में अपना रोल नंबर ध्यानपूर्वक दर्ज करें.
  • अपनी जानकारी (क्रेडेंशियल्स) सबमिट करें और मार्कशीट दिखाई देने का इंतजार करें.
  • भविष्य में एडमिशन से जुड़ी ज़रूरतों के लिए अपनी प्रोविजनल मार्कशीट डाउनलोड कर लें.

ओपन स्कूल का रिजल्ट भी घोषित

हरियाणा बोर्ड ने ओपन स्कूल परीक्षा के परिणाम भी जारी कर दिए हैं. नए छात्रों का पास प्रतिशत 42.15 रहा. री-अपीयर छात्रों का परिणाम 50.09 प्रतिशत दर्ज किया गया. ओपन स्कूल श्रेणी में लड़कियों का प्रदर्शन यहां भी बेहतर रहा. पुनर्मूल्यांकन और री-चेकिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन रिजल्ट जारी होने के 20 दिनों के भीतर आवेदन करना होगा. स्कूल भी बोर्ड पोर्टल के जरिए अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं.