पटना: बिहार में मैट्रिक यानी 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने रविवार 29 मार्च 2026 को परिणाम जारी किया. रिजल्ट की घोषणा राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर की मौजूदगी में की. इस साल कुल 81.79 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं, जो पिछले साल के 82.11 प्रतिशत से थोड़ा कम है.
टॉपर्स की बात करें तो इस साल दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है. पुष्पांजलि कुमारी और सबरीन परवीन ने 500 में से 492 अंक यानी 98.42 प्रतिशत हासिल किए हैं. पुष्पांजलि जमुई के सिमुलतला आवासीय विद्यालय की छात्रा हैं, जबकि सबरीन परवीन वैशाली के उच्च माध्यमिक विद्यालय छौड़ाही से हैं.
टॉप-10 की सूची में इस बार कुल 139 छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जिनमें लड़कियों का दबदबा देखने को मिला है. कुल पास होने वाले छात्रों में 6,01,390 लड़के और 6,34,353 लड़कियां शामिल हैं, जिससे यह साफ है कि बेटियों ने इस बार भी बेहतर प्रदर्शन किया है.
इस साल करीब 15.12 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी, जो 17 फरवरी से 26 फरवरी के बीच आयोजित की गई थी. बोर्ड ने इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए कॉपियों की बारकोडिंग और ओएमआर शीट का इस्तेमाल किया. इसी वजह से रिकॉर्ड समय में रिजल्ट जारी किया जा सका.
बिहार बोर्ड टॉपर्स को सम्मानित भी करेगा. पहले स्थान पर आने वाले छात्रों को 2 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर 1.5 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा. इसके साथ ही लैपटॉप, स्कॉलरशिप और किंडल ई-बुक रीडर भी दिए जाएंगे.
रिजल्ट जारी करने से पहले बोर्ड ने टॉप-20 में शामिल सभी छात्रों का फिजिकल वेरिफिकेशन भी किया. इसमें विषय विशेषज्ञों ने छात्रों से सवाल पूछे और उनकी हैंडराइटिंग को उत्तर पुस्तिकाओं से मिलान किया गया.
जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, उनके लिए स्क्रूटनी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं एक या दो विषयों में फेल छात्रों को कंपार्टमेंटल परीक्षा के जरिए इसी साल पास होने का मौका मिलेगा. इसके लिए आवेदन 1 से 7 अप्रैल के बीच किए जा सकेंगे.