लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद मंगलवार यानी 10 मार्च 2026 को बाजार ने जोरदार वापसी की. नतीजा यह हुआ कि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का मुख्य सूचकांक सेंसेक्स 640 अंक से ज्यादा उछल गया. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 24,250 के ऊपर जाकर बंद हुआ. इस उछाल से निवेशकों की चिंता कम हुई.
बात करें कारोबारी सत्र की, तो सुबह से ही माहौल बुलिश (तेजी वाला) नजर आया. सेंसेक्स की शुरुआत 78,375 के स्तर पर हुई. हालांकि दिन के अंत तक इसमें थोड़ा उतार-चढ़ाव आया, लेकिन यह 0.82 फीसदी की तेजी के साथ 78,205 पर बंद हुआ. यानी कुल मिलाकर इसमें करीब 640 अंकों का इजाफा हुआ. निफ्टी की बात करें तो इसने 24,280 के स्तर पर ओपनिंग की और शानदार प्रदर्शन करते हुए 0.97 फीसदी यानी करीब 234 अंक चढ़कर 24,261 पर दम लिया. यह उछाल पिछले दो दिनों में आई करीब 3 फीसदी की गिरावट के बाद आई राहत की सांस की तरह है.
इस रिकवरी के पीछे दो बड़े कारण सामने आ रहे हैं. पहला, अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब कम होने की उम्मीद जगी है. पिछले दिनों इसी तनाव के कारण बाजार में डर का माहौल था. लेकिन अब ऐसी खबरें हैं कि यह विवाद जल्द ही सुलझ सकता है. दूसरा और सबसे अहम कारण है कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट. पको बता दें कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा तेल आयातकों में से एक है. जब कच्चा तेल सस्ता होता है, तो देश की अर्थव्यवस्था को फायदा होता है, कंपनियों की लागत घटती है और बाजार में तेजी आती है. यही वजह रही कि निवेशकों ने दोनों हाथों से खरीदारी की.
इस तेजी के दौर में कुछ कंपनियों ने तो कमाल ही कर दिया. निफ्टी 50 के शेयरों में सबसे आगे रही श्रीराम फाइनेंस, जिसके शेयरों ने एक दिन में करीब साढ़े सात फीसदी की छलांग लगाई. इसके अलावा टाटा मोटर्स, क्वालिटी वॉल्स, आयशर मोटर्स और इंडिगो के शेयरों में भी 3 से 4 फीसदी तक की जोरदार बढ़त देखी गई. वहीं दूसरी तरफ कुछ कंपनियों को नुकसान भी हुआ. इंफोसिस, इटरनल और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर थोड़े फिसले. खासकर इंफोसिस में करीब डेढ़ फीसदी की गिरावट रही. फिर भी, कुल मिलाकर मंगलवार का दिन बाजार के लिए फायदेमंद रहा.