menu-icon
India Daily

12,000 रुपये तक टूटी चांदी, सोना भी आया नीचे; क्या बाजार में आने वाला है बड़ा तूफान?

सोने और चांदी की कीमतों में अचानक आई बड़ी गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है. MCX पर चांदी 5% से ज्यादा टूटी, जबकि सोना भी करीब 4500 रुपये सस्ता हो गया.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
12,000 रुपये तक टूटी चांदी, सोना भी आया नीचे; क्या बाजार में आने वाला है बड़ा तूफान?
Courtesy: pintrest

वैश्विक बाजार में अचानक आए उतार-चढ़ाव ने निवेशकों को हैरान कर दिया है. गुरुवार को MCX पर सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई. जहां चांदी की कीमतों में 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई, वहीं सोना भी करीब 2.5 फीसदी टूट गया. यह गिरावट ऐसे समय में आई है जब मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ रहा है और निवेशक आमतौर पर सुरक्षित विकल्प की तलाश में रहते हैं.

अचानक क्यों टूटी चांदी?

गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे चांदी की कीमतों में तेज गिरावट शुरू हुई और कुछ ही समय में यह करीब 12,000 रुपये प्रति किलो तक गिर गई. इससे बाजार में हलचल मच गई. सोना भी पीछे नहीं रहा और करीब 4500 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया. इस तेज गिरावट ने उन निवेशकों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया, जिन्होंने हाल के दिनों में ऊंचे स्तर पर खरीदारी की थी.

वैश्विक तनाव और तेल का असर

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने बाजार की दिशा बदल दी है. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते टकराव के कारण कच्चे तेल की कीमतें 113 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं. आमतौर पर ऐसे हालात में सोना-चांदी सुरक्षित निवेश माने जाते हैं, लेकिन इस बार तस्वीर अलग दिख रही है. निवेशकों का रुख बदलता नजर आ रहा है और वे मुनाफावसूली की ओर बढ़ रहे हैं.

फेडरल रिजर्व के फैसले का असर

इस गिरावट का एक बड़ा कारण Federal Reserve का फैसला भी माना जा रहा है. अमेरिकी केंद्रीय बैंक ने ब्याज दरों को स्थिर रखने का निर्णय लिया और संकेत दिया कि जल्द कटौती की संभावना कम है. जेरोम पॉवेल के इस बयान के बाद वैश्विक बाजार में दबाव बढ़ गया, जिससे सोना-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली.

रिकॉर्ड ऊंचाई से अब तक की गिरावट

जनवरी 2026 में चांदी ने 4.20 लाख रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर छुआ था. इसके बाद से इसमें लगातार गिरावट देखी जा रही है. अब चांदी उस उच्च स्तर से करीब 1.90 लाख रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो चुकी है. फिलहाल इसकी कीमत करीब 2.35 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास बनी हुई है. वहीं सोना भी 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से नीचे आ गया है, जो बाजार में कमजोरी का संकेत है.