सोशल मीडिया पर आए दिन नए-नए बिजनेस आइडियाज वायरल होते रहते हैं. हाल ही में इंस्टाग्राम पर 'rupeeraftar' नाम के अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया है, जो काफी सुर्खियां बटोर रहा है. इस वीडियो में एक शख्स कागज पर पूरा गणित समझाते हुए 'चखना शॉप' (स्नैक्स काउंटर) का बिजनेस प्लान पेश कर रहा है. लोग इस अनोखे प्लान और समझाने के दिलचस्प तरीके की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
वीडियो में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, चखना शॉप शुरू करने के लिए शुरुआती बजट लगभग साढ़े चार लाख रुपये का होता है. इसमें 90 हजार रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट, हर महीने का 85 हजार रुपये का खर्च, दो फ्रिज, सिगरेट, पानी, सोडा, पैकेट फूड, लाइटर, डिस्पोजेबल ग्लास और शॉप काउंटर का खर्च शामिल है. सही योजना के साथ कम बजट में इसे शुरू किया जा सकता है.
कमाई का गणित समझाते हुए बताया गया कि यदि दुकान किसी अच्छी लोकेशन पर है, तो रोजाना औसतन 50 हजार रुपये की बिक्री हो सकती है. इन प्रोडक्ट्स पर लगभग 30% का मार्जिन मिलता है, जिससे रोजाना 15 हजार रुपये का मुनाफा हो सकता है. किराया और अन्य सभी खर्चे निकालने के बाद भी दुकानदार हर महीने आसानी से 3 लाख से 3.5 लाख रुपये तक की बचत कर सकता है.
यह कोई पहला मौका नहीं है जब इस यूजर का वीडियो वायरल हुआ है. यह इंस्टाग्राम क्रिएटर अक्सर घूमने-फिरने के खर्चे, लद्दाख ट्रिप और विदेश यात्राओं के बजट का सटीक हिसाब-किताब वाले वीडियो शेयर करता रहता है. हालांकि, इस बार 'चखना शॉप' के अनूठे और व्यावहारिक बिजनेस मॉडल ने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान सबसे ज्यादा आकर्षित किया है.