नई दिल्ली: अगर आप कार लवर हैं, तो आपको इनके फीचर्स में भी इंटरेस्ट होगा. आजकल एक सिस्टम बहुत ज्यादा लोकप्रिय हो रहा है. हम बात कर रहे हैं ADAS की…यह एक एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम है, जो एडवांस कारों में बनी स्मार्ट सुरक्षा तकनीक है. ये फीचर्स ड्राइवरों को सड़क पर सुरक्षित रहने में मदद करते हैं. यह सिस्टम लोगों की उन गलतियों को कम करने में मदद करता है, जिनकी वजह से दुर्घटना हो सकती है.
ADAS पूरी तरह से सेल्फ-ड्राइविंग नहीं है. यह ड्राइवर की मदद करता है, लेकिन उनकी जगह नहीं लेता. इसे आप आसान भाषा में ऐसे समझ सकते हैं कि यह आपकी एक्स्ट्रा आंख और हाथ है, जो जरूरत पड़ने पर आपको चेतावनी दे सकता है या तुरंत कोई कदम उठा सकता है. चलिए जानते हैं इनके फीचर्स के बारे में.
ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग (AEB): अगर कार को ऐसा लगता है कि आगे जाकर दूसरे व्हीकल या पैदल चलने वाले किसी व्यक्त के साथ टक्कर हो सकती है, तो वह टक्कर से बचने या उसके असर को कम करने के लिए अपने-आप ब्रेक लगा देती है.
अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल: आम क्रूज कंट्रोल से अलग, यह सिस्टम अपने आप आपकी स्पीक को कुछ ऐसे एडजस्ट करता है कि आगे चल रही कार से सही दूरी बनी रहे. सबसे अहम बात कि यह ट्रैफिक में कार की रफ्तार धीमी कर देता है. वहीं, जब सड़क खाली होती है तो स्पीड को बढ़ा देता है.
लेन डिपार्चर वॉर्निंग और लेन कीपिंग असिस्ट: अगर आपकी कार अपनी लेन से बाहर जाने लगती है, तो ये फीचर आपको चेतावनी देता है कि आपको सही लेन पर चलना होगा.
ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन: इसमें दिए गए सेंसर उन जगहों को चेक करते हैं, जिन्हें आप मिरर में सही से देख नहीं पाते हैं. अगर किसी ब्लाइंड स्पॉट में कोई दूसरा व्हीकल होता है तो यह फीचर आवाज के जरिए आपको बता देता है.
फॉरवर्ड कोलिजन वॉर्निंग: जब आगे चल रहे वाहन से टकराने की संभावना होती है, तो यह ऑडियो और विजुअल चेतावनी देता है.
पार्किंग असिस्ट और सराउंड व्यू कैमरे: ये फीचर्स कार को रिवर्स पार्किंग करने में मदद करते हैं. कार के चारों ओर 360-डिग्री का नजारा दिखाते हैं, जिससे पार्किंग करना आसान हो जाता है.
ड्राइवर ड्राउजिनेस डिटेक्शन: यह सिस्टम आपके स्टीयरिंग के तरीकों या आंखों की हरकतों पर नजर रखता है. साथ ही अगर आप थके हुए लगते हैं तो आपको चेतावनी भी देता है.
ADAS फीचर्स दुर्घटनाओं को काफी हद तक कम करने में मदद करते हैं. लेन बदलते समय, टक्कर लगने से होने वाली घटनाओं आदि को रोकने के लिए ये फीचर्स काफी मदद करते हैं. अब कई नई कारों में ADAS के बुनियादी फीचर्स स्टैंडर्ड तौर पर मिलते हैं. साथ ही ज्यादा महंगे मॉडलों में इसके और भी एडवांस्ड पैकेज दिए जाते हैं. ADAS आम कारों में स्मार्ट टेक्नोलॉजी जोड़कर ड्राइविंग को ज्यादा सुरक्षित, आसान और कम स्ट्रेसफुल बनाता है.