सेफ्टी के लिहाज से टाटा की ये कार निकली दमदार, क्रैश टेस्ट में मिली 5 स्टार रेटिंग

Tata Motors की नई टाटा सिएरा ने क्रैश टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए वयस्क और बच्चों की सुरक्षा में पांच स्टार रेटिंग हासिल की, जो इसे अपने सेगमेंट में बेहद सुरक्षित विकल्प बनाती है.

Anuj

नई दिल्ली: भारतीय ऑटो बाजार में सुरक्षा को लेकर बढ़ती जागरूकता के बीच Tata Motors की नई SUV सिएरा ने बेहतरीन प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरी है. ताजा क्रैश टेस्ट में इस मॉडल ने वयस्क और बाल सुरक्षा दोनों में पांच स्टार रेटिंग हासिल की है.

रिपोर्ट के अनुसार, सिएरा ने वयस्क यात्रियों की सुरक्षा (Adult Occupant Protection) और बच्चों की सुरक्षा (Child Occupant Protection) में अच्छे नंबर प्राप्त किए. यह प्रदर्शन दर्शाता है कि कंपनी ने सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देते हुए इस SUV को मजबूती और आधुनिक तकनीक के साथ तैयार किया है.

AOP में 32 में से 31.14 अंक हासिल किए

सिएरा ने AOP में 32 में से 31.14 अंक हासिल किए, जो इसे उच्चतम श्रेणी में रखता है. वहीं, COP में 49 में से 44.73 अंक मिले. ये आंकड़े दिखाते हैं कि वाहन टक्कर की स्थिति में यात्रियों को मजबूत सुरक्षा प्रदान करता है. खास बात यह है कि यह रेटिंग सभी वेरिएंट्स पर लागू होती है.

बच्चों की सुरक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन

चाइल्ड सेफ्टी के मामले में सिएरा ने 24 में से 23.73 का डायनेमिक स्कोर हासिल किया. 18 महीने और 3 साल के बच्चों के लिए किए गए टेस्ट में सुरक्षा का स्तर काफी प्रभावी रहा. और साथ ही CRS इंस्टॉलेशन में इस SUV को पूरे अंक मिले, जो इसे परिवारों के लिए भरोसेमंद बनाता है.

क्रैश टेस्ट में मजबूती

फ्रंटल ऑफसेट बैरियर टेस्ट में सिएरा ने 16 में से 15.14 अंक हासिल किए, जबकि साइड इम्पैक्ट टेस्ट में पूरे 16 अंक मिले. यह दर्शाता है कि वाहन की बॉडी स्ट्रक्चर और डिजाइन टक्कर के दौरान प्रभाव को अच्छी तरह संभालते हैं.

एडवांस सेफ्टी फीचर्स

इस SUV में ESC, मल्टीपल एयरबैग्स और ISOFIX जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं. इससे पहले Tata Harrier और Tata Safari भी Bharat NCAP में पांच स्टार रेटिंग हासिल कर चुके हैं, जिससे Tata की सुरक्षा पर पकड़ और मजबूत होती है.

SUV सिएरा की कीमत

टाटा मोटर्स ने अपनी आइकॉनिक SUV सिएरा को 2025 में नए अवतार में लॉन्च किया गया था. शुरुआती कीमत करीब ₹11.49 लाख से शुरू होती है. नई सिएरा पुराने मॉडल की पहचान (rear glass design) को बनाए रखते हुए मॉडर्न लुक में आई है. इसमें LED DRLs, फ्लश डोर हैंडल और 19-इंच अलॉय व्हील जैसे प्रीमियम एलिमेंट दिए गए हैं.