रॉयल एनफील्ड ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में बड़ा कदम रखते हुए अपनी पहली ई-मोटरसाइकिल फ्लाइंग फ्ली C6 लॉन्च कर दी है. 1940 के दशक की क्लासिक हल्की बाइक से प्रेरित यह मॉडल कंपनी के नए EV सब-ब्रांड के तहत पेश किया गया है. इसका डिज़ाइन नियो-विंटेज थीम पर आधारित है और इसे रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए बनाया गया है. शानदार रेंज, तेज चार्जिंग, हल्का फ्रेम और कई कनेक्टेड फीचर्स इसे बाजार में खास बनाते हैं.
रॉयल एनफील्ड ने फ्लाइंग फ्ली C6 को दो प्राइस मॉडल में पेश किया है. स्टैंडर्ड एक्स-शोरूम कीमत 2.79 लाख रुपए रखी गई है, जबकि ‘बैटरी-एज-ए-सर्विस’ मॉडल में इसकी कीमत घटकर 1.99 लाख रुपए हो जाती है. कंपनी ने इसकी बुकिंग और टेस्ट राइड 10 अप्रैल से बेंगलुरु के जयनगर स्थित पहले फ्लाइंग फ्ली शोरूम में शुरू करने की घोषणा की है. अनुमान है कि मोटरसाइकिल की डिलीवरी मई के अंत तक शुरू हो जाएगी. यह लॉन्च संकेत देता है कि कंपनी अब EV सेगमेंट में गंभीर रूप से कदम रख चुकी है.
फ्लाइंग फ्ली C6 में 3.91 kWh का लियॉन बैटरी पैक लगाया गया है, जिसे मैग्नीशियम एलॉय केसिंग में फिट किया गया है. यह बैटरी एक परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर को पावर देती है, जो 20.6 hp पावर और 60 Nm टॉर्क जनरेट करती है. बाइक 3.7 सेकंड में 0 से 60 kmph की स्पीड पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 115 kmph है. पूरी तरह चार्ज होने पर इसकी IDC रेंज 154 किमी बताई गई है. बैटरी 2 घंटे 16 मिनट में 0 से 100% तक चार्ज हो जाती है, जबकि 20 से 80% टॉप-अप सिर्फ 65 मिनट में पूरा हो जाता है.
फ्लाइंग फ्ली C6 में 3.5-इंच का कलर TFT टचस्क्रीन डिस्प्ले, USB-C पोर्ट, वायरलेस चार्जिंग और इलेक्ट्रॉनिक हैंडल लॉक जैसे आधुनिक फीचर्स शामिल हैं. इससे इसे टेक-फ्रेंडली राइडर्स के लिए और अधिक आकर्षक बनाया गया है. बाइक को स्टॉर्म ब्लैक और फ्ली ग्रीन रंगों में लॉन्च किया गया है. सुरक्षा के लिए लीन-एंगल सेंसिटिव ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, टिप-ओवर अलर्ट और लोकेशन शेयरिंग फीचर दिए गए हैं, जो इस सेगमेंट में इसे खास बनाते हैं.
इस मोटरसाइकिल का सबसे अनोखा हिस्सा इसका गर्डर लिंकेज फ्रंट सस्पेंशन है, जिसमें ट्विन हाइड्रोलिक सेटअप मिलता है. रियर में प्रीलोड एडजस्टमेंट वाला मोनोशॉक लगाया गया है. इसमें 19-इंच ट्यूबलेस टायर और काले अलॉय व्हील दिए गए हैं. 260 mm फ्रंट डिस्क और 220 mm रियर डिस्क के साथ डुअल-चैनल ABS मिलता है. बाइक की ग्राउंड क्लीयरेंस 207 mm है और इसका वजन सिर्फ 124 किलोग्राम है, जबकि यह 160 किलोग्राम तक का भार उठा सकती है. बिना वेल्डिंग वाला हल्का एल्यूमीनियम फ्रेम इसे कस्टमाइजेशन-फ्रेंडली बनाता है.