IPL 2026 US Israel Iran War

टाटा पंच ईवी फेसलिफ्ट भारत में लांच, मात्र 6.49 लाख में घर ले आएं नई इलेक्ट्रिक कार; बेमिसाल फीचर्स से हैं लैस

टाटा मोटर्स ने अपनी नई 'पंच ईवी फेसलिफ्ट' को भारत में लॉन्च कर दिया है. 'बैटरी-एज-ए-सर्विस' (BaaS) विकल्प के साथ इसकी कीमत मात्र 6.49 लाख रुपये से शुरू होती है. यह कार 468 किमी की रेंज और 360-डिग्री कैमरा जैसे प्रीमियम फीचर्स से लैस है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: भारतीय ऑटोमोबाइल जगत की दिग्गज कंपनी टाटा मोटर्स ने इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेगमेंट में अपनी धाक और मजबूत करते हुए 'टाटा पंच ईवी फेसलिफ्ट' (Tata Punch EV Facelift) को बाजार में उतार दिया है. कंपनी ने इस बार न केवल कार के फीचर्स और लुक्स को अपडेट किया है, बल्कि इसे खरीदने के तरीके में भी एक बड़ा बदलाव किया है. टाटा ने इस मॉडल को 'बैटरी-एज-ए-सर्विस' (BaaS) विकल्प के साथ पेश किया है, जिससे ईवी खरीदना अब आम ग्राहकों के लिए भी बजट में आ गया है.

टाटा पंच ईवी फेसलिफ्ट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत BaaS विकल्प के साथ मात्र 6.49 लाख रुपये रखी गई है. इस विकल्प के तहत ग्राहकों को कार खरीदते समय बैटरी की पूरी कीमत नहीं देनी होती, बल्कि उपयोग के आधार पर 2.6 रुपये प्रति किलोमीटर का चार्ज देना होगा. वहीं, जो ग्राहक बैटरी के साथ पूरी कार खरीदना चाहते हैं, उनके लिए शुरुआती कीमत 9.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तय की गई है. ग्राहक इसे अपनी पसंद के 7 अलग-अलग रंगों में चुन सकते हैं.

आधुनिक डिजाइन और बाहरी बदलाव

डिजाइन के मामले में टाटा ने इसे पहले से कहीं ज्यादा मॉडर्न और 'क्लीन' लुक दिया है. कार के फ्रंट प्रोफाइल से ब्लैक स्ट्रिप को हटाकर बॉडी कलर पैनल का इस्तेमाल किया गया है. इसके डीआरएल (DRLs) अब एक लाइट स्ट्रिप के जरिए आपस में जुड़े हुए हैं, जो इसे फ्यूचरिस्टिक लुक देते हैं. इसके अलावा हेडलैंप की स्थिति और बंपर के डिजाइन में भी सूक्ष्म बदलाव किए गए हैं. साइड प्रोफाइल में 16-इंच के नए अलॉय व्हील्स और पीछे की तरफ नई टेललाइट स्ट्रिप इसे प्रीमियम एसयूवी का अहसास कराती है.

प्रीमियम इंटीरियर और हाई-टेक फीचर्स 

कार के भीतर कदम रखते ही आपको एक नया और लग्जरी अहसास होता है. इसमें 10-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है. टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील पर अब टाटा का इल्यूमिनेटेड लोगो चमकता नजर आएगा. वेंटिलेटेड सीट्स, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, एप्पल कार प्ले, कूल्ड ग्लवबॉक्स और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स इसे लंबी यात्रा के लिए आरामदायक बनाते हैं.

सुरक्षा, बैटरी और बेमिसाल रेंज

सुरक्षा के मोर्चे पर टाटा ने इसमें 6 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP) और हिल होल्ड असिस्ट जैसे फीचर्स दिए हैं. कार दो बैटरी विकल्पों—30 kWh और 40 kWh के साथ उपलब्ध है. 40 kWh वाले बड़े बैटरी पैक के साथ यह कार एक बार चार्ज करने पर 468 किलोमीटर की शानदार रेंज देती है. डीसी फास्ट चार्जर के जरिए इसे मात्र 26 मिनट में 20% से 80% तक चार्ज किया जा सकता है.