सस्ती हुई डिफेंडर, लैंड रोवर ने 34 लाख तक घटा दिए दाम; भारत में अब मात्र इतने रुपए में मिलेगी

दरअसल, कंपनी ने पुणे स्थित अपने प्लांट में कार की स्थानीय असेंबलिंग शुरू करने के बाद इसके दामों में कटौती करने का फैसला किया है.

X
Sagar Bhardwaj

जैगुआर लैंड रोवर ने डिफेंडर लग्जरी SUV की कीमतों में 34 लाख रुपए तक की भारी कटौती की है. दरअसल, कंपनी ने पुणे स्थित अपने प्लांट में कार की स्थानीय असेंबलिंग शुरू करने के बाद इसके दामों में कटौती करने का फैसला किया है. पहले यह कार पूरी तरह से विदेश से मंगाई जाती थी और स्लोवाकिया में इसका निर्माण होता था. भारत में अब डिफेंडर की शुरुआती कीमत 99 लाख रुपए है.

एंट्री लेवल वेरिएंट पर घटे 14 लाख

कंपनी ने कहा कि मौजूदा उत्पादन सेट-अप के बाहर भारत ही एकमात्र ऐसा बाजार है जहां डिफेंडर की असेंबली की सुविधा उपलब्ध है. कंपनी के दामों में कमी अलग-अलग वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग है. एंट्री लेवल वेरिएंट की कीमत में 14.5 लाख रुपए की गिरावट आई है. वहीं कार के टॉप वेरिएंट के दाम अब 1.18 करोड़ रुपए से शुरू होंगे.

कार की बुकिंग शुरू

डिफेंडर पेट्रोल और डीजल के 2 और 3 लीटर इंजन ऑप्शन में उपलब्ध होगी. कार की बुकिंग भारत में डिफेंडर की सभी 32 डीलरशिप्श पर चालू है और कार की डिलीवरी 15 नवंबर से शुरू होने वाली है. JLR ने पुणे में एक स्वतंत्र प्लांट स्थापित करने के लिए साल 2011 में टाटा मोटर्स के साथ एक अनुबंध विनिर्माण समझौता किया था, जो कि ब्रिटेन के बाहर इसकी पहली उत्पादन इकाई है. चाकन में स्थित इस संयंत्र की सालाना क्षमता 12000 यूनिट की है और इसने भारतीय बाजार के लिए जेएलआर के 10 मॉडलों का उत्पादन किया है जिसमें रेंज रोवर, रेंज रोवर स्पोर्ट, वेलार, डिस्कवरी स्पोर्ट, जेगुआर XF और एफ-पेस शामिल हैं. फिलहाल भारत में जेगुआर की बिक्री नहीं होती है.

साल में दूसरी बार कीमतों में बदलाव

JLR ने इस साल दूसरी बार दामों में बदलाव किया है. कंपनी ने भारत और यूके के बीच हुए व्यापार समझौते का लाभ अपने ग्राहकों तक पहुंचा रही है. कंपनी की कारों के दामों में 75 लाख रुपए तक की कमी इसी का परिणाम है. हालांकि डिफेंडर पर अब तक कीमतें कम नहीं हुई थीं क्योंकि इसका उत्पादन ब्रिटेन में नहीं यूरोप में हो रहा था.

भारत में अभी तक कितनी डिफेंडर बेची गई हैं

JLR इंडिया के प्रबंध निदेशक राजन आम्बा ने मुंबई में एक कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि कंपनी ने भारत में अब तक डिफेंडर की 9000 यूनिट बेची हैं. कीमतों में कमी के बाद इसकी बिक्री में 20% की तेजी की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि जेएलआर इंडिया का 95% उत्पादन भारत में ही होता है. जेएलआर ने वित्त वर्ष 2026 में भारत में 6200 कारें बेची हैं, जिसमें बिक्री की मात्रा में लगभग कोई वृद्धि नहीं देखी गई है.