कार का इंटीरियर चमकदार रखने के 5 जादुई तरीके, घरेलू सामान से भी हो जाएगा काम!

कार बाहर से चमकती हो लेकिन अंदर गंदगी से भरी हो, तो सफर का मजा किरकिरा हो जाता है. रोजाना धूल, खाने के टुकड़े और जूतों की गंदगी से केबिन खराब होता है, जो सेहत और लुक दोनों के लिए नुकसानदायक है.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: आजकल कार सिर्फ सवारी का साधन नहीं, बल्कि हमारी जिंदगी का हिस्सा बन गई है. ऑफिस, स्कूल, शॉपिंग या वीकेंड ट्रिप-ज्यादातर समय हम इसी में बिताते हैं. बाहर से कार चमकती दिखे, लेकिन अंदर धूल, कचरा और बदबू हो तो मन उदास हो जाता है. गंदा इंटीरियर न सिर्फ दिखने में बुरा लगता है, बल्कि एलर्जी और सांस की तकलीफ भी पैदा कर सकता है. फिर भी अच्छी बात यह है कि महंगे प्रोफेशनल क्लीनिंग के बिना भी आप घर पर ही कार को अंदर से चकाचौंध रख सकते हैं.

बस कुछ स्मार्ट आदतें अपनाएं और थोड़ा समय दें.आइए जानते हैं उन आसान लेकिन कारगर तरीकों के बारे में, जो आपकी कार को हमेशा ताजा और साफ बनाए रखेंगे. 

कचरे को कंट्रोल में रखें

कार में खाने-पीने की चीजें रखना आम है, लेकिन रैपर और बोतलें इधर-उधर फेंकने से गंदगी फैलती है. एक छोटा प्लास्टिक डस्टबिन या हैंगिंग बैग जरूर लगाएं. हर शाम घर लौटते वक्त इसे खाली कर दें.इससे कचरा जमा नहीं होगा और कार में बदबू भी नहीं आएगी. यह सबसे आसान और सबसे असरदार तरीका है.

फ्लोर मैट्स को नियमित साफ करें

कार का फर्श सबसे ज्यादा गंदा होता है, क्योंकि जूतों से मिट्टी और पानी आता है. अच्छे रबर या कार्पेट मैट्स लगाएं, जो गंदगी को रोकते हैं. हर हफ्ते मैट्स बाहर निकालकर झाड़ें, वैक्यूम क्लीनर चलाएं या पानी से धोएं और सूखने दें. इससे फर्श पर दाग नहीं पड़ेंगे और कार का लुक हमेशा नया रहेगा. 

डैशबोर्ड को चमकदार बनाएं

धूप और धूल से डैशबोर्ड फीका पड़ जाता है. माइक्रोफाइबर क्लॉथ से रोजाना पोंछें और हफ्ते में एक बार डैशबोर्ड क्लीनर स्प्रे का इस्तेमाल करें.एसी वेंट्स की धूल पुराने टूथब्रश या पेंट ब्रश से साफ करें.इससे न सिर्फ साफ दिखेगा,बल्कि प्लास्टिक भी क्रैक होने से बचेगा और केबिन में ताजगी आएगी.

सीट कवर्स और अपहोल्स्ट्री पर ध्यान दें

सीटों पर दाग लगना आम है, लेकिन उन्हें तुरंत साफ न करने से स्थायी हो जाते हैं.महीने में एक-दो बार अपहोल्स्ट्री क्लीनर या हल्के साबुन के घोल से साफ करें.अगर कवर हटाने योग्य हैं तो उन्हें धो लें. साफ सीटें न सिर्फ आरामदायक लगती हैं, बल्कि कार का पूरा इंटीरियर बेहतर दिखता है.

शिशों को क्रिस्टल क्लियर रखें

विंडशील्ड और खिड़कियों पर उंगलियों के निशान या धुंध से विजिबिलिटी कम होती है, खासकर रात में. ग्लास क्लीनर स्प्रे करें और अखबार या माइक्रोफाइबर क्लॉथ से पोंछें. साथ ही कार में अच्छा एयर फ्रेशनर लगाएं. इससे न सिर्फ शीशे चमकेंगे, बल्कि केबिन में खुशबू रहेगी और ड्राइविंग सुरक्षित व मजेदार बनेगी.