नई दिल्ली: सावन का महीना शुरू होते ही देशभर में भगवान शिव के जयघोष के बीच लाखों श्रद्धालु कावड़ यात्रा पर निकलते हैं. पवित्र नदियों से गंगाजल लाकर शिवलिंग पर अर्पित करने की यह परंपरा सदियों पुरानी मानी जाती है. हालांकि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कावड़ यात्रा का महत्व केवल जल चढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह तप, अनुशासन, सेवा और आत्मशुद्धि का भी प्रतीक है.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कावड़ यात्रा की जड़ें चारों युगों की उन कथाओं से जुड़ी हैं, जिनमें महान भक्तों और योद्धाओं ने भगवान शिव की आराधना की. हरिद्वार की आचार्य ज्योति आचार्य के अनुसार इस परंपरा का उद्देश्य केवल पूजा नहीं, बल्कि जीवन में संयम, समर्पण और सकारात्मक सोच को अपनाना भी माना जाता है.
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम को सबसे पहले कावड़ उठाने वाला माना जाता है. कहा जाता है कि उन्होंने गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और कठोर तपस्या की. उनकी साधना से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें विजय का आशीर्वाद दिया. इस कथा के माध्यम से यह संदेश मिलता है कि शक्ति का उपयोग हमेशा लोककल्याण के लिए होना चाहिए.
भगवान शिव के परम भक्तों में लंकापति रावण का नाम भी प्रमुखता से लिया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार उसने कठोर तप और जलाभिषेक के माध्यम से भगवान शिव को प्रसन्न किया. उसकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उसे विशेष वरदान प्रदान किए. इसी कारण रावण को केवल पराक्रमी राजा ही नहीं, बल्कि तंत्र और वेदों का विद्वान भी माना जाता है.
त्रेतायुग में श्रवण कुमार की कथा कावड़ यात्रा के एक अलग स्वरूप को दर्शाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार उन्होंने अपने दृष्टिहीन माता-पिता को कंधों पर बैठाकर तीर्थ यात्रा कराई. यह प्रसंग बताता है कि सच्ची कावड़ केवल जल लाने तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और माता-पिता के सम्मान का भी प्रतीक है.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण प्रतिदिन भगवान शिव को एक हजार कमल अर्पित करते थे. एक बार परीक्षा लेने के लिए भगवान शिव ने एक कमल छिपा दिया. तब श्रीकृष्ण ने पूजा अधूरी न रहने देने के लिए अपनी आंख अर्पित करने का संकल्प लिया. उनकी अटूट श्रद्धा से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें सुदर्शन चक्र प्रदान किया.
धार्मिक परंपराओं के अनुसार कावड़ यात्रा संयम, सात्विक जीवन, अनुशासन और आत्मशुद्धि का मार्ग मानी जाती है. श्रद्धालु इस दौरान नियमों का पालन करते हुए भगवान शिव की आराधना करते हैं. मान्यता है कि यात्रा का उद्देश्य किसी के लिए अनिष्ट की कामना नहीं, बल्कि स्वयं को बेहतर बनाना और समाज के कल्याण की भावना विकसित करना है. इसी कारण सावन में कावड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनी हुई है.