menu-icon
India Daily

कार्तिक पूर्णिमा पर काशी के 84 घाटों पर क्यों जलाए जाते हैं लाखों दीप? जानें देव दिवाली की पौराणिक कथा

देव दिवाली 2026 का पर्व 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाएगा. धार्मिक मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध करके तीनों असुरों के नगरों का विनाश किया था.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
कार्तिक पूर्णिमा पर काशी के 84 घाटों पर क्यों जलाए जाते हैं लाखों दीप? जानें देव दिवाली की पौराणिक कथा
Courtesy: Pinterest

हिंदू धर्म में देव दिवाली का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है. हर साल कार्तिक मास की पूर्णिमा को देव दीपावली का पर्व मनाया जाता है. इस साल यह त्योहार 24 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा. खासतौर पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी यानी काशी में देव दिवाली का नजारा बेहद भव्य होता है. इस दिन गंगा नदी के किनारे बने सभी प्रमुख घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठते हैं. मान्यता है कि इस दिन स्वर्ग से देवता धरती पर आते हैं और मां गंगा के तट पर दीपदान करते हैं.

काशी में देव दिवाली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका संबंध भगवान शिव, मां गंगा और पौराणिक मान्यताओं से भी है. इस पर्व को भगवान शिव की असुरों पर विजय और धर्म की स्थापना के प्रतीक के रूप में देखा जाता है. यही वजह है कि काशी में इस दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है और गंगा के घाटों पर विशेष पूजा-अर्चना की जाती है.

कार्तिक पूर्णिमा को क्यों कहते हैं देव दिवाली?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था. इस विजय से प्रसन्न होकर देवताओं ने भगवान शिव की पूजा की और दीप जलाकर उत्सव मनाया. इसी वजह से इस दिन को देवताओं की दीपावली यानी देव दीपावली कहा जाता है.

मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा की शाम देवता स्वर्ग से उतरकर काशी आते हैं और मां गंगा के तट पर जलाए गए दीपों के माध्यम से भगवान शिव का आभार व्यक्त करते हैं. इसलिए इस दिन गंगा स्नान, भगवान शिव और विष्णु की पूजा तथा दीपदान का विशेष महत्व माना जाता है. श्रद्धालु मंदिरों और घरों में दीप जलाकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं.

काशी के 84 घाटों का क्या है महत्व?

वाराणसी के 84 घाट देव दिवाली के उत्सव की सबसे खास पहचान हैं. धार्मिक मान्यता के अनुसार, काशी के 84 घाट 84 लाख योनियों के प्रतीक माने जाते हैं. ये घाट गंगा नदी के किनारे करीब 7 किलोमीटर के क्षेत्र में फैले हुए हैं और शहर की धार्मिक तथा सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं.

काशी को प्राचीन समय में आनंदवन के नाम से जाना जाता था. बाद में यह काशी और फिर वाराणसी के नाम से प्रसिद्ध हुआ. वाराणसी नाम का संबंध यहां बहने वाली वरुणा और असि नदियों से जोड़ा जाता है. इन दोनों नदियों के बीच बसे इस क्षेत्र को वाराणसी कहा जाता है.

काशी की एक विशेष धार्मिक पहचान यहां बहने वाली उत्तरवाहिनी गंगा भी है. सामान्य तौर पर गंगा दक्षिण और पूर्व दिशा की ओर बहती हैं, लेकिन वाराणसी में उनकी धारा उत्तर दिशा की ओर मुड़ती है. धार्मिक मान्यताओं में उत्तरवाहिनी गंगा को विशेष पवित्र माना गया है. यही कारण है कि यहां स्नान और दीपदान का विशेष महत्व है.

क्या है त्रिपुरासुर के वध की पौराणिक कथा?

देव दिवाली मनाने के पीछे भगवान शिव और त्रिपुरासुर के वध की एक प्रचलित पौराणिक कथा है. कथा के अनुसार, तारकासुर के तीन पुत्र थे, जिनके नाम तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युनमाली थे. तीनों ने कठोर तपस्या करके ब्रह्मा जी को प्रसन्न किया और उनसे विशेष वरदान प्राप्त किया.

वरदान मिलने के बाद तीनों असुरों ने सोने, चांदी और लोहे से बने तीन विशाल नगरों का निर्माण कराया. इन तीनों नगरों को त्रिपुर कहा गया और इनके स्वामी त्रिपुरासुर कहलाए. शक्तिशाली होने के बाद तीनों असुरों ने देवताओं और ऋषि-मुनियों पर अत्याचार करना शुरू कर दिया.

उनके बढ़ते अत्याचारों से परेशान होकर देवता भगवान विष्णु के पास पहुंचे. इसके बाद सभी देवताओं ने भगवान शिव से त्रिपुरासुर का संहार करने की प्रार्थना की. देवताओं की प्रार्थना स्वीकार करते हुए भगवान शिव ने एक ही बाण से तीनों नगरों को नष्ट कर दिया और तीनों असुरों का वध कर दिया. इस विजय के बाद भगवान शिव त्रिपुरांतक कहलाए. मान्यता है कि देवताओं ने इस खुशी में भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और दीप जलाकर उत्सव मनाया. इसी घटना की स्मृति में कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली मनाने की परंपरा जुड़ी हुई है.

देव दिवाली पर क्यों किया जाता है दीपदान?

हिंदू धर्म में दीपक को ज्ञान, सकारात्मकता और शुभता का प्रतीक माना जाता है. देव दिवाली के दिन गंगा घाटों पर दीपदान करने की विशेष परंपरा है. श्रद्धालु मां गंगा की पूजा करते हैं और दीप जलाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं.

काशी में इस दिन गंगा आरती का विशेष आयोजन होता है. घाटों, मंदिरों और घरों को हजारों-लाखों दीपों से सजाया जाता है. पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठता है. इस तरह देव दिवाली भगवान शिव की विजय, देवताओं की प्रसन्नता और सनातन परंपरा के प्रति आस्था का प्रतीक बन जाती है.