BJP की बड़ी बढ़त पर संजय सिंह का हमला, बोले- ये लोकतंत्र नहीं लूटतंत्र की जीत
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी की बड़ी बढ़त पर AAP सांसद संजय सिंह ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग, SIR और केंद्रीय सुरक्षा बलों के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतंत्र की नहीं लूटतंत्र की जीत बताया है.
नई दिल्लीः देश के पांच राज्यों मे हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित होने पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने पश्चिम बंगाल में बीजेपी को मिली बढ़त पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र नहीं, लूटतंत्र की जीत बताया है. अभी तक सामने आये रूझानों के मुताबिक पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से 204 पर बीजेपी जीत हासिल करती दिख रही है, जबकि डेढ़ दशक से बंगाल की सत्ता पर काबिज टीएमसी 100 के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पा रही है. प्रदेश की राजनीति में इस बार भारी फेरबदल सामने आया है. ममता बनर्जी की करारी हार के संकेतों के बीच AAP सांसद संजय सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने चुनाव परिणामों पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतंत्र की जीत मानने से इंकार किया है.
27 लाख मतदाताओं के मताधिकार पर सवाल
संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि यह जीत एसआईआर घपले, चुनाव आयोग की भूमिका और केंद्र सरकार द्वारा सुरक्षा बलों के दुरुपयोग का नतीजा है. उन्होंने दावा किया है कि 27 लाख मतदाताओं को वोट देने के अधिकार से वंचित किया गया है. अपने बयान में संजय सिंह ने कहा है कि चुनाव परिणामों को लेकर मीडिया में जश्न मनाया जाएगा और इसे बीजेपी की रणनीतिक जीत बताया जाएगा, लेकिन असल सवाल यह है कि क्या वास्तव में यह जनता के फैसले की जीत है. उन्होंने कहा कि देश को चुनाव के पीछे की सच्चाई पर भी ध्यान देना चाहिए.
चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
आप सांसद ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि जानकारी के मुताबिक बीजेपी और टीएमसी के बीच वोटों का अंतर बेहद कम, करीब दो से चार प्रतिशत या तीन से चार लाख वोटों का है. उन्होंने सवाल किया है कि क्या वोटों के इतने कम अंतर पर सीटों में इतनी बड़ी बढ़त संभव है.