सुवेंदु अधिकारी के पीए का कातिल कौन? CBI पाताल से खींच के हत्यारे को निकालेगी बाहर, तैयार है SIT
सुवेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड का मामला अब सीबीआई को सौंपा गया है. साथ ही डीआईजी के नेतृत्व में 7 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है.
Suvendu Adhikari PA Murder Case: सच की सबसे बड़ी खूबी है कि उसके वजूद को कभी मिटाया नहीं जा सकता है. वक्त लगता है लेकिन एक न एक दिन वो बाहर जरुर आता है. सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या किसने की. ये सच अभी आना बाकी है. असली कातिल तक पहुंचने के लिए केस को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप हैंडओवर कर दिया गया है. पश्चिम बंगाल सरकार ने इसके लिए सिफारिश की है. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा आवश्यक अधिसूचना जारी करने के बाद सीबीआई द्वारा औपचारिक रूप से जांच शुरू किए जाने की उम्मीद है.
DIG के नेतृत्व में 7 सदस्यीय SIT का गठन
सीबीआई के अनुसार, इस मामले की जांच के लिए डीआईजी रैंक के अधिकारी की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है. यह एसआईटी कोलकाता जोन के संयुक्त निदेशक/जोन प्रमुख (एचओजेड) के पर्यवेक्षण में कार्य करेगी.
SIT में कौन-कौन?
- पंकज कुमार सिंह, डीआईजी/एचओबी, सीबीआई (टीम लीडर)
- सुभएह चंद्र कुंडू, एसपी, सीबीआई
- अनिल कुमार यादव, एसपी सीबीआई
- विकास पाठक, डीएसपी, सीबीआई
- अमित कुमार, डीएसपी, सीबीआई
- कुलदीप, डीएसपी, सीबीआई
- विवेक श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर, सीबीआई
तीन लोग गिरफ्तार
यह घटनाक्रम पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा हत्या के मामले में तीन व्यक्तियों की गिरफ्तारी के कुछ दिनों बाद सामने आया है. तीनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल पुलिस की एसआईटी ने गिरफ्तार किया था. तीनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल लाकर उत्तर 24 परगना जिले की एक अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें 13 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बिहार के बक्सर जिले के पांडियापत्ती निवासी विशाल श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जबकि अन्य दो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. जांचकर्ताओं को संदेह है कि इनमें से एक शार्पशूटर है.
'यह एक बड़ी सफलता है. जांच से पता चला कि हमलावर पश्चिम बंगाल के बाहर के थे. तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग और अन्य सूचनाओं के आधार पर, एसआईटी के सदस्यों को उत्तर प्रदेश और बिहार भेजा गया. उन्होंने यूपी और बिहार से तीन लोगों को गिरफ्तार किया. उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल लाया गया है,' अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया.
सुवेंदु अधिकारी पीए हत्याकांड
अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की 6 मई की रात को कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. यह घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम के डोलतला क्षेत्र के दोहरिया में घटी, जहां राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता के कार्यकारी सहायक के रूप में कार्यरत रथ को मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने बेहद करीब से गोली मार दी.
गोली चलाई गई
मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने कार का पीछा किया, उसे रोका, बंद खिड़की से विपरीत दिशा से उन पर गोली चलाई और हमला करने के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए. रथ ड्राइवर के बगल में आगे की सीट पर बैठे थे.
कार के ड्राइवर को भी गोली लगी और उसे कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
और पढ़ें
- CDS लिखित परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित, 8,826 कैंडिडेट इंटरव्यू राउंड में; ऐसे करें चेक
- CRPF, SSB, भारतीय सेना, BPSSC में 10 से अधिक पदों पर हो रही भर्ती; कई सरकारी नौकरियों की लास्ट डेट पास
- UP SI RESULT 2026: यूपी में दरोगा भर्ती का रिजल्ट जारी, 12 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने मारी बाजी; ऐसे करें चेक