पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में महज कुछ दिनों का समय बचा है. इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल में एक चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे. इस दौरान पीएम मोदी का एक अलग अंदाज देखने को तब मिला जब उन्होंने झाड़ग्राम में अपने काफिले को रुखवा दिया.
पीएम मोदी यहां अपनी गाड़ी से उतर कर वहां की सबसे प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड झालमुड़ी के दुकान पर पहुंच गए. प्रधानमंत्री को अपने दुकान पर देख कर दुकानदार भी खुश हो गया. उन्होंने अपने स्टाइल में झालमुड़ी बनाकर पीएम मोदी को खिलाया. इस दौरान दोनों के बीच अच्छी बातचीत हुई, जिसको प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया.
झालमुड़ी वाले के साथ अपने वीडियो को शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि पश्चिम बंगाल में चार जनसभाओं की व्यस्ता के बीच मैंने झाड़ग्राम के झालमुड़ी का स्वाद चखा. शेयर किए गए वीडियो में झालमुड़ी और प्रधानमंत्री के बीच अच्छी बातचीत होती नजर आ रही है. जिसमें पीएम मोदी कहते हैं कि भाई कितने का है आपका झालमुड़ी. जिसपर दुकानदार भी मजाक में जवाब देते हुए कहता है कि आप कितने का खाएंगे. इसके बाद पीएम मोदी कहते हैं कि अच्छा झालमुड़ी कितने का मिलेगा? जिसपर उधर से 10 और 20 रुपये जवाब आता है. इस दौरान जब दुकानदार पीएम मोदी से पूछता है कि क्या आप प्याज खाएंगे तो इसपर प्रधानमंत्री मजाकिया अंदाज में कहते हैं हां प्याज तो खाते हैं, लेकिन दिमाग नहीं खाते. उनके जवाब को सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं.
Jhalmuri break in Jhargram! pic.twitter.com/LJNjEojAW4
— Narendra Modi (@narendramodi) April 19, 2026
पीएम मोदी और दुकानदार के बीच हुई बातचीत लोगों को काफी पसंद आ रही है. हालांकि दुकानदार पहले प्रधानमंत्री से पैसे नहीं ले रहा था, लेकिन पीएम मोदी के जोर देने पर पैसे ले लिए. इसके बाद वहां मौजूद लगभग सभी लोगों ने झालमुड़ी का लुफ्त उठाया. हालांकि पीएम मोदी ने अपने झालमुड़ी में नमक नहीं डलवाया और कहा कि स्वास्थ्य के कारण वह नमक नहीं खा रहे हैं. इसके बाद पीएम मोदी वहां से निकल गए. पीएम मोदी ने रविवार को बंगाल में चार जनसभाओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. आज यानी सोमवार को भी तीन जनसभाएं होनी है.