menu-icon
India Daily

BJP से करारी हार के बाद भी इस्तीफा देने के लिए तैयार नहीं ममता बनर्जी, चुनाव आयोग की अधिसूचना जारी

पश्चिम बंगाल में चुनाव हारने के बाद भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार नहीं है. ऐसे में चुनाव आयोग की ओर से औपचारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
BJP से करारी हार के बाद भी इस्तीफा देने के लिए तैयार नहीं ममता बनर्जी, चुनाव आयोग की अधिसूचना जारी
Courtesy: ANI

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे जारी होने के बाद चुनाव आयोग ने विधानसभा के गठन के लिए औपचारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. हालांकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी की जीत को लूट और साजिश करार देते हुए इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है.

चुनाव आयोग की ओर से मंगलवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल को नोटिफिकेशन भेजा गया है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह संवैधानिक औपचारिकता पूरी की गई है. उन्होंने बताया कि इसी के साथ नई विधानसभा गठन की प्रक्रिया चुनाव आयोग की ओर से पूरी हो चुकी है.

सीएम पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार नहीं ममता बनर्जी

आयोग ने कहा कि मतदान से लेकर मतगणना तक पूरी प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई. इस दौरान सभी नियमों का सख्ती से पालन किया गया. हालांकि ममता बनर्जी अभी भी बीजेपी की इस जीत को स्वीकार नहीं कर रही हैं. उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने से साफ मना कर दिया है.

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने एक भरी-पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि उनकी पार्टी हारी नहीं है, बल्कि जनादेश को लूटा गया है. ममता ने इस्तीफा ना देने के फैसले का ऐलान करते हुए कहा कि मैं पद क्यों छोड़ूं? हम हारे नहीं हैं. जनादेश को लूटा गया है. ऐसे में इस्तीफा देने का कोई सवाल ही नहीं उठता है.

ममता बनर्जी ने लगाए गंभीर आरोप

ममता बनर्जी ने बीजेपी पर ही नहीं बल्कि चुनाव आयोग पर भी हमला बोला है. उन्होंने कहा कि टीएमसी भाजपा से नहीं, बल्कि चुनाव आयोग से लड़ रही थी, जो कथित तौर पर भाजपा के पक्ष में काम कर रहा था. सीएम बनर्जी ने मतगणना के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि करीब 100 सीटें लूट ली गईं और टीएमसी कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने के लिए जानबूझकर मतगणना धीमी कर दी गई.

इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि मतगणना केंद्र में उनके साथ लात मारी गई, धक्का दिया गया और जबरदस्ती की गई. उन्होंने केंद्रीय सुरक्षा बलों पर भी गुंडागर्दी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त अब खलनायक बन गए हैं. इतिहास में एक काला अध्याय लिखा गया है. पश्चिम बंगाल की कुल 294 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 207 सीटें जीतकर शानदार विजय हासिल की है. इसी की साथ टीएमसी का लगातार 15 सालों का शासन खत्म हो गया है. अब टीएमसी की सीटें घटकर मात्र 80 रह गई हैं.